Sonbhadra News : डबल मर्डर का पुलिस ने किया सनसनीखेज खुलासा, भतीजा निकला मौसा-मौसी का हत्यारा
थाना रॉबर्ट्सगंज अन्तर्गत कारोबारी व उनकी पत्नी के हत्या का खुलासा किया। पुलिस ने मुठभेड़ के दौरान हत्या के मास्टर माइन्ड सहित तीनों हत्यारोपियों को गिरफ्तार किया गया है

sonbhadra
4:11 PM, August 18, 2024
आनन्द कुमार चौबे (संवाददाता)
• कल मंत्री आशीष पटेल ने हत्याकांड के खुलासे को लेकर पुलिस को दिया था 24 घण्टे का अल्टीमेटम
सोनभद्र । जिले के राबर्ट्सगंज पुलिस टीम को बड़ी सफलता हाथ लगी। थाना रॉबर्ट्सगंज अन्तर्गत कारोबारी व उनकी पत्नी के हत्या का खुलासा किया। पुलिस ने मुठभेड़ के दौरान हत्या के मास्टर माइन्ड सहित तीनों हत्यारोपियों को गिरफ्तार किया गया है।
बता दें कि थाना रॉबर्ट्सगंज अन्तर्गत कारोबारी धर्मेन्द्र कुमार पटेल पुत्र ईश्वरी प्रसाद उम्र लगभग 48 वर्ष तथा मंजू देवी पत्नी धर्मेन्द्र पटेल उम्र लगभग 44 वर्ष निवासी ब्रह्मनगर गली थाना रॉबर्ट्सगंज उनके व्यवसायिक प्रतिष्ठान के उपर स्थित आवास में अज्ञात बदमाशों द्वारा चाकू गोदकर हत्या कर दिया गया था साथ ही हत्यारों द्वारा घर में मौजूद सोने व चांदी के आभूषण 15 लाख रुपये, 1.5 लाख रुपये नगद व 01 रिवाल्वर 32 बोर व 6 जिन्दा कारतूस, हिसाब-किताब की डायरी, बैंक खातों के पासबुक व चेकबुक तथा भिन्न-भिन्न नामों के ब्लैंक चेक उठा ले गये थे।
मामले की जानकारी होने के बाद परिजनों के द्वारा दिए गए तहरीर के आधार पर हत्या का मुकदमा दर्ज कर पुलिस जांच में जुट गई थी। वही मामले में एसपी डॉ यशवीर सिंह द्वारा जल्द खुलासा करने के लिए 10 टीमों का गठन किया गया था। सभी टीमों द्वारा घटना के जल्द खुलासा करने के लिए सर्विलांस, सीसीटीवी फुटेज, मैन्युल जानकारी करते हुए आज मुखबिर की सूचना पर सफलता हासिल हुआ।
मामले का खुलासा करते हुए एसपी डॉ0 यशवीर सिंह ने बताया कि 18 अगस्त की रात्रि में समय करीब 12.40 बजे मुखबिर की सूचना पर खलियारी-रॉबर्ट्सगंज मार्ग पर स्थित मरकरी पुलिया के पास से पुलिस मुठभेड़ के दौरान हत्या के मुख्य आरोपी कुन्दन पटेल उर्फ विशाल पुत्र बबुन्दर पटेल थाना पन्नूगंज को गिरफ्तार कर लिया गया। मुठभेड़ के दौरान कुंदन पटेल के पैर में गोली लगी जबकि रॉबर्ट्सगंज चौकी प्रभारी कमल नयन दुबे को भी गले के पास से गोली छूते हुए निकल गई। कस्बा चौकी प्रभारी कमल नयन दुबे का जहाँ जिला अस्पताल में इलाज चल रहा है, वहीं मुख्य आरोपी कुंदन पटेल का वाराणसी में इलाज जारी है।




