Sonbhadra News : सड़क पर घायल पड़े रहे लेकिन पुलिस जीप से नहीं उतरे पुलिस कर्मी
सरकार की तरफ से अक्सर अपील की जाती है कि यदि आप सड़क पर पड़े घायल को देखें तो उसे तत्काल अस्पताल तक जरूर पहुंचाएं, आपसे कोई आपकी पहचान नहीं पूछेगा । लेकिन...

sonbhadra
10:40 PM, January 22, 2025
मंटू शर्मा (संवाददाता)
डाला (सोनभद्र) । सरकार की तरफ से अक्सर अपील की जाती है कि यदि आप सड़क पर पड़े घायल को देखें तो उसे तत्काल अस्पताल तक जरूर पहुंचाएं, आपसे कोई आपकी पहचान नहीं पूछेगा । लेकिन किसी हादसे के बाद यदि पुलिस के जवान घटना को देखकर मुंह मोड़ ले तो फिर चर्चा होना लाजमी है ।
ऐसा ही एक मामला बुधवार की दोपहर में थाना चोपन के वाराणसी-शक्तिनगर मार्ग पर स्थित डाला चढ़ाई पर देखने को मिला । जहां बैढन से आजमगढ़ के लिए जा रहे एक बाइक पर सवार दो युवक बाइक अनियंत्रित हो जाने से सड़क पर गिरकर चोटिल हो गए। आसपास के लोग सड़क पर गिरे बाइक सवारों को देखकर मदद के लिए दौड़ पड़े । इसी दौरान तेलगुड़वा से चोपन की तरफ जा रही डायल 112 पीआरवी की स्कॉर्पियो वाहन घटनास्थल पर पहुंच गई। लोगों को लगा कि पुलिस जीप से घायल जल्द अस्पताल पहुंच जाएंगे तो इलाज जल्द शुरू हो जाएगा । मगर पुलिस के जवान गाड़ी से नीचे तक नहीं उतरे और चलते बने । ड्यूटी पर तैनात पुलिस कर्मियों के इस आचरण को लेकर लोगों में तरह-तरह की चर्चाएं हो रही है । बाद में स्थानीय लोगों की मदद से घायलको अस्पताल तक पहुंचाया गया ।




