Sonbhadra News : पासरों पर पुलिस का शिकंजा, काली फिल्म और बिना नंबर प्लेट वाली गाड़ियों से हो रहा था अवैध खेल
जनपद में अवैध खनन, पासरों की गतिविधियों और नियम विरुद्ध संचालित वाहनों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत रॉबर्ट्सगंज पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 4 अभियुक्तों को गिरफ्तार कर 4 फोरव्हीलर वाहन......

sonbhadra
8:53 PM, May 23, 2026
आनन्द कुमार चौबे (संवाददाता)
सोनभद्र । जनपद में अवैध खनन, पासरों की गतिविधियों और नियम विरुद्ध संचालित वाहनों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत रॉबर्ट्सगंज पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 4 अभियुक्तों को गिरफ्तार कर 4 फोरव्हीलर वाहन एवं एक ट्रक सीज कर दिया। पुलिस की इस कार्रवाई से अवैध परिवहन माफियाओं में हड़कंप मच गया है।
पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा के निर्देशन में अपर पुलिस अधीक्षक मुख्यालय अनिल कुमार एवं क्षेत्राधिकारी नगर रणधीर मिश्रा की निगरानी में थाना रॉबर्ट्सगंज पुलिस द्वारा विशेष चेकिंग अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान चुर्क व सुकृत क्षेत्र में कई संदिग्ध वाहनों की जांच की गई।
जांच में 4 फोरव्हीलर वाहन बिना नंबर प्लेट एवं काली फिल्म लगे पाए गए। पुलिस के अनुसार इन वाहनों का इस्तेमाल बिना परमिट उपखनिज से लदे वाहनों को पास कराने और निगरानी करने में किया जा रहा था। वहीं एक ट्रक अवैध रूप से राखड़, गिट्टी और बालू का परिवहन करते हुए पकड़ा गया। सभी वाहनों के खिलाफ धारा 207 एमवी एक्ट के तहत ई-चालान और सीज की कार्रवाई की गई।
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने मुकेश पुत्र नारद यादव, रुपेन्द्र यादव पुत्र उमाशंकर यादव, नितीश पुत्र राजनाथ यादव निवासी उटवा मचगई थाना चकरघट्टा तथा विकास पुत्र धीरज को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर अवैध परिवहन नेटवर्क की भी जांच कर रही है।
पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा ने कहा है कि जनपद में अवैध खनन, पासरों की गतिविधियों, यातायात नियमों के उल्लंघन और कानून व्यवस्था प्रभावित करने वाले तत्वों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। नियम तोड़ने वालों पर कठोर कार्रवाई की जाएगी।
कार्यवाही करने वाली पुलिस टीम में चौकी प्रभारी चुर्क उप निरीक्षक विनोद कुमार यादव, चौकी प्रभारी सुकृत उप निरीक्षक मानवेंद्र सिंह सहित अन्य पुलिसकर्मी शामिल रहे।




