Sonbhadra News : अवैध खनन पर पुलिस का शिकंजा, इनामिया बाल अपचारी गिरफ्तार, दो लग्जरी गाड़ियाँ जब्त
जनपद में अवैध खनन के काले खेल पर अब पुलिस ने सीधा प्रहार शुरू कर दिया है। कानून को धता बताकर संसाधनों की लूट करने वालों पर शिकंजा कसते हुए पुलिस ने 10 हजार के इनामिया बाल अपचारी को दबोचने में.........

AI जनरेटेड बैनर......
sonbhadra
6:22 PM, April 30, 2026
आनन्द कुमार चौबे (संवाददाता)
सोनभद्र । जनपद में अवैध खनन के काले खेल पर अब पुलिस ने सीधा प्रहार शुरू कर दिया है। कानून को धता बताकर संसाधनों की लूट करने वालों पर शिकंजा कसते हुए पुलिस ने 10 हजार के इनामिया बाल अपचारी को दबोचने में सफलता प्राप्त किया है, वहीं बरामद लग्जरी वाहनों की भी सीज कर दिया है। इस कार्यवाही से सोनभद्र पुलिस ने सीधे तौर पर खनन माफियाओं को बता दिया है कि अब उनकी 'सिस्टम सेटिंग' नहीं, सिर्फ कानून चलेगा।
जनपद में अवैध खनन और परिवहन के खिलाफ चल रहे अभियान में रॉबर्ट्सगंज पुलिस ने बड़ी और सटीक कार्रवाई करते हुए माफियाओं के नेटवर्क पर सीधा वार किया है। पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा के निर्देश और अपर पुलिस अधीक्षक (मुख्यालय) अनिल कुमार व क्षेत्राधिकारी नगर रणधीर कुमार मिश्रा के पर्यवेक्षण में प्रभारी निरीक्षक रामस्वरूप वर्मा के नेतृत्व में टीम ने 10,000 रुपये के इनामिया वांछित बाल अपचारी को हिरासत में ले लिया है।
पुलिस टीम ने लगातार पतारसी और सुरागरसी के बाद आरोपी को ओबरा थाना क्षेत्र के ग्राम खैरटिया से दबोचा। कार्रवाई के दौरान मौके से काले रंग की थार बरामद की गई, जो अवैध खनन से जुड़ी बताई जा रही है, इसके साथ ही इस पूरे खेल में इस्तेमाल की जा रही स्कॉर्पियो वाहन को भी सीज कर दिया गया है।
पुलिस के अनुसार, आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की गंभीर धाराओं के साथ-साथ उपखनिज परिहार नियमावली और खान एवं खनिज अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज है। इससे साफ है कि यह कोई छोटा मामला नहीं, बल्कि संगठित अवैध खनन गिरोह से जुड़ा प्रकरण है।
पुलिस की इस कार्यवाही के बाद खनन माफियाओं में हड़कंप मच गया है। पुलिस अब इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश में जुट गई है और जल्द ही और भी बड़े खुलासे होने की संभावना जताई जा रही है।
पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा ने कड़े लहजे में कहा कि "अवैध खनन में लिप्त किसी भी व्यक्ति को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। यह अभियान लगातार और और सख्ती के साथ चलेगा, जो भी कानून तोड़कर प्राकृतिक संसाधनों की लूट करेगा, उसकी जगह सिर्फ जेल होगी, चाहे वह कितना भी प्रभावशाली क्यों न हो।"
गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक रामस्वरूप वर्मा, चौकी प्रभारी चुर्क उ0नि0 उमाशंकर यादव, हे0का0 संदीप राय, हे0का0 नंदलाल राम, का0 सतेन्द्र कुमार, का0 प्रीतम कुमार एवं का0 मशी अहमद शामिल रहे।




