Sonbhadra News : यातायात नियमों की अनदेखी पर पुलिस ने चलाया अभियान, 180 वाहनों के काटे चालान
यातायात पुलिस ने मंगलवार को शहर में वाहन चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान नियमों का उल्लंघन करने पर 180 वाहनों के चालान काटे गए हैं......

sonbhadra
9:18 AM, September 24, 2025
आनन्द कुमार चौबे (संवाददाता)
सोनभद्र । यातायात पुलिस ने मंगलवार को शहर में वाहन चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान नियमों का उल्लंघन करने पर 180 वाहनों के चालान काटे गए हैं।
यातायात नियमों की अनदेखी वाहन चालकों भारी पड़ी है। सीओ यातायात डॉ0 चारु द्विवेदी के नेतृत्व में यातायात प्रभारी विनोद कुमार ने शनिवार को शहर के स्वर्ण जयंती चौक, धर्मशाला चौक, रेलवे स्टेशन रोड सहित अन्य स्थानों पर वाहनों की चेकिंग की। इस दौरान ब्लैक फ़िल्म लगी वाहनों, मॉडिफाइड साइलेंसर, वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का प्रयोग, दो पहिया वाहन पर तीन सवारी बैठाने, बगैर नंबर प्लेट एवं बिना हेलमेट के बाइक चलाने सहित अन्य नियमों के उल्लंघन पर वाहनों पर कार्रवाई की गई। वाहन चालकों को यातायात नियमों की जानकारी देकर जागरूक किया, उन्हें बताया कि नियमों के पालन से सड़क हादसे की घटनाओं में कमी आती है।
सीओ यातायात डॉ0 चारु द्विवेदी ने बताया कि "सड़क पर जिम्मेदार व्यवहार ही जीवन रक्षा की सबसे बड़ी गारंटी है। जो लोग ट्रैफिक नियमों को हल्के में लेते हैं, वे न केवल अपने लिए, बल्कि दूसरों के लिए भी खतरा बन जाते हैं। अब सख्त निगरानी और निरंतर चेकिंग अभियान के माध्यम से नियम तोड़ने वालों को बख्शा नहीं जाएगा। मंगलवार को चलाये गए अभियान के क्रम में दो ब्लैक फिल्म लगी गाड़ियाँ, 10 मॉडिफाइड साइलेंसर, बिना हेलमेट, तीन सवारी, बिना नंबर प्लेट, सीट बेल्ट न लगाना आदि के 168 वाहनों का चालान काटा गया।"
जनता से अपील -
सीओ यातायात डॉ0 चारु द्विवेदी ने आम जनमानस से अपील करते हुए कहा कि "हमेशा हेलमेट व सीट बेल्ट का प्रयोग करें, तीन सवारी, ओवरलोडिंग, तेज रफ्तार एवं स्टंट से बचें, गाड़ियों में अवैध मॉडिफिकेशन न करें, दूसरों को भी यातायात नियमों के पालन के लिए प्रेरित करें। एक ज़िम्मेदार नागरिक होने के नाते हमारा कर्तव्य है कि हम खुद भी नियमों का पालन करें और दूसरों को भी इसके लिए जागरूक करें। आपकी सतर्कता ही आपकी और समाज की सुरक्षा है। यह अभियान भविष्य में भी लगातार जारी रहेगा।"




