Sonbhadra News : मॉडिफाइड साइलेंसर, प्रेशर हॉर्न और हूटर पर गरजा पुलिस का बुलडोजर, 620 उपकरण नष्ट
जनपद में ध्वनि प्रदूषण फैलाने वाले वाहन चालकों और यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्यवाही करते हुए 620 अवैध उपकरणों का विनष्टीकरण किया। पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा के.....

वाहनों से निकाला गया मॉडिफाइड साइलेंसर, प्रेशर हॉर्न और हूटर को नष्ट कराती पुलिस......
sonbhadra
5:56 PM, July 21, 2026
आनन्द कुमार चौबे (संवाददाता)
सोनभद्र। जनपद में ध्वनि प्रदूषण फैलाने वाले वाहन चालकों और यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्यवाही करते हुए 620 अवैध उपकरणों का विनष्टीकरण किया। पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा के निर्देशन में चलाए गए विशेष अभियान के तहत वाहनों से उतारे गए 70 मॉडिफाइड साइलेंसर, 450 प्रेशर हॉर्न और 100 हूटर को मंगलवार को रॉबर्ट्सगंज स्थित स्वर्ण जयंती चौक (बढ़ौली चौराहा) पर नियमानुसार नष्ट कर दिया गया।
अपर पुलिस महानिदेशक, यातायात निदेशालय उत्तर प्रदेश के निर्देश पर चलाए जा रहे इस अभियान का संचालन अपर पुलिस अधीक्षक (ऑपरेशन) ऋषभ रुणवाल के पर्यवेक्षण तथा क्षेत्राधिकारी यातायात राज सोनकर के नेतृत्व में किया गया।
एएसपी (मुख्यालय) अनिल कुमार.....
अपर पुलिस अधीक्षक (मुख्यालय) अनिल कुमार ने बताया कि "अभियान के तहत 18 अप्रैल 2026 से प्रत्येक शनिवार और रविवार को यातायात पुलिस एवं जनपदीय पुलिस की संयुक्त टीमों द्वारा विशेष वाहन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है।अभियान के दौरान ऐसे वाहनों को चिह्नित किया गया जिनमें नियमों के विपरीत मॉडिफाइड साइलेंसर, प्रेशर हॉर्न और हूटर लगाए गए थे। इसके साथ ही सार्वजनिक स्थानों पर तेज आवाज में अश्लील, अभद्र और भड़काऊ गीत बजाकर ध्वनि प्रदूषण फैलाने वाले वाहन चालकों पर भी सख्त कार्रवाई की गई। पुलिस ने ऐसे लोगों को भविष्य में इस तरह की हरकत दोबारा न करने की कड़ी चेतावनी भी दी। आज नगर के स्वर्ण जयंती चौक पर आयोजित विनष्टीकरण कार्यक्रम के दौरान जब्त किए गए सभी 620 अवैध उपकरणों को नष्ट कर दिया गया। स्वर्ण जयंती पर कार्यवाही का उद्देश्य जनपद में ध्वनि प्रदूषण पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित करना, यातायात व्यवस्था को सुरक्षित एवं अनुशासित बनाना तथा आमजन को शांत वातावरण उपलब्ध कराने के साथ ही आमजन को जागरूक करना है।"
कार्यक्रम के दौरान क्षेत्राधिकारी यातायात राज सोनकर, क्षेत्राधिकारी नगर रणधीर कुमार मिश्रा तथा यातायात प्रभारी नरेन्द्र कुमार सहित अन्य पुलिस अधिकारी मौजूद रहे।




