Sonbhadra News : बढ़ौली चौक पर पुलिस सहायता केंद्र का उद्घाटन, 24 घंटे तैनात रहेगी पुलिस
पुलिस सहायता केंद्र के माध्यम से पुलिस और आमजन के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने पर भी जोर दिया गया है। उम्मीद है कि इस पहल से क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत होगी और लोगों में सुरक्षा का भरोसा बढ़े

sonbhadra
8:10 PM, October 16, 2026
- विधायक भूपेश चौबे और एसपी अभिषेक वर्मा ने किया उद्घाटन
- सीसीटीवी कैमरों से होगी संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की निगरानी
शांतनु कुमार
सोनभद्र। रॉबर्ट्सगंज थाना क्षेत्र के बढ़ौली चौक पर शुक्रवार को पुलिस सहायता केंद्र का उद्घाटन किया गया। सदर विधायक भूपेश चौबे और पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा ने फीता काटकर केंद्र का शुभारंभ किया। इस दौरान विधि-विधान से पूजा-पाठ भी कराया गया।
पुलिस सहायता केंद्र की स्थापना का मुख्य उद्देश्य आमजन को त्वरित पुलिस सहायता उपलब्ध कराना और क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाना है। इसके शुरू होने से स्थानीय लोगों को पुलिस से संपर्क करने और जरूरत पड़ने पर तत्काल सहायता प्राप्त करने में सहूलियत मिलेगी।
24 घंटे तैनात रहेगी पुलिस
पुलिस के अनुसार, सहायता केंद्र पर 24 घंटे पुलिस बल की तैनाती रहेगी। इससे किसी भी आपात स्थिति में लोगों को समय पर पुलिस सहायता मिल सकेगी। इसके अलावा केंद्र और आसपास के क्षेत्रों में लगे सीसीटीवी कैमरों के जरिए संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों पर नजर रखी जाएगी। इससे अपराध नियंत्रण और निगरानी व्यवस्था को अधिक प्रभावी बनाने में मदद मिलेगी।
पुलिस सहायता केंद्र के माध्यम से पुलिस और आमजन के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने पर भी जोर दिया गया है। उम्मीद है कि इस पहल से क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत होगी और लोगों में सुरक्षा का भरोसा बढ़ेगा।
उद्घाटन कार्यक्रम में क्षेत्राधिकारी नगर रणधीर कुमार मिश्रा, क्षेत्राधिकारी घोरावल राजेश कुमार राय, रॉबर्ट्सगंज थाना के पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी तथा अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।




