Sonbhadra News : जन्माष्टमी और बारावफात को लेकर पुलिस अलर्ट, थानों में पीस कमेटी की बैठक संपन्न
आगामी कृष्ण जन्माष्टमी एवं बारावफात पर्व को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने के लिए सोनभद्र पुलिस ने तैयारियाँ तेज कर दी हैं। पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा के निर्देशन में आज जिले......

पीस कमेटी की बैठक करते थाना प्रभारी निरीक्षक.....
sonbhadra
7:08 PM, August 23, 2026
आनन्द कुमार चौबे (संवाददाता)
सोनभद्र । आगामी कृष्ण जन्माष्टमी एवं बारावफात पर्व को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने के लिए सोनभद्र पुलिस ने तैयारियाँ तेज कर दी हैं। पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा के निर्देशन में आज जिले के सभी थानों पर पीस कमेटी की बैठकें आयोजित की गईं। बैठकों में दोनों समुदायों के गणमान्य लोगों, धर्मगुरुओं, ग्राम प्रधानों और संभ्रांत नागरिकों से संवाद कर पर्वों के दौरान शांति व्यवस्था बनाए रखने की अपील की गई।
थाना प्रभारियों ने बैठक में जुलूस, धार्मिक कार्यक्रमों, यातायात और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि पर्वों के दौरान किसी भी तरह की अव्यवस्था या विवाद की स्थिति पैदा न होने पाए, इसके लिए सभी को जिम्मेदारी के साथ प्रशासन का सहयोग करना होगा।
अफवाह और भड़काऊ पोस्ट से रहें दूर -
बैठकों में पुलिस ने सोशल मीडिया को लेकर भी लोगों को सतर्क किया। अधिकारियों ने अपील की कि किसी भी अफवाह पर भरोसा न करें और बिना पुष्टि किसी सूचना को सोशल मीडिया पर प्रसारित न करें। भ्रामक, आपत्तिजनक या सांप्रदायिक भावनाओं को भड़काने वाली पोस्ट से पूरी तरह दूर रहने की हिदायत दी गई। पुलिस ने कहा कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि, विवाद या समस्या की जानकारी तत्काल स्थानीय पुलिस को दी जाए, ताकि समय रहते प्रभावी कार्रवाई की जा सके।
भाईचारे के साथ मनाएं पर्व -
पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा के निर्देशन में आयोजित बैठकों में पुलिस अधिकारियों ने दोनों समुदायों से आपसी भाईचारा, शांति और सौहार्द बनाए रखते हुए पर्व मनाने की अपील की। पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया कि पर्वों के दौरान कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए सुरक्षा व्यवस्था पर विशेष नजर रखी जाएगी। पुलिस की ओर से लोगों से प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने और जिले की गंगा-जमुनी तहजीब को कायम रखते हुए दोनों पर्वों को शांतिपूर्ण वातावरण में मनाने की अपील की गई।




