Sonbhadra News : सड़क किनारे खड़ी गाड़ियों पर पुलिस की कार्रवाई, कई वाहनों का किया गया चालान
चोपन थाना क्षेत्र में सड़क पर गलत तरीके से खड़ी गाड़ियों के खिलाफ पुलिस ने सख्त कार्रवाई की और कई वाहनों का चालान किया गया तथा कई चालकों को कड़े निर्देश दिये गए।

sonbhadra
7:32 PM, March 11, 2026
घनश्याम पांडे/विनीत शर्मा (संवाददाता)
चोपन (सोनभद्र) । बुधवार को स्थानीय चोपन थाना क्षेत्र में सड़क पर गलत तरीके से खड़ी गाड़ियों के खिलाफ पुलिस ने सख्त कार्रवाई की। थाना प्रभारी निरीक्षक अखिलेश कुमार मिश्रा के नेतृत्व में बैरियर से लेकर प्रीतनगर होते हुए बग्गानाला तक सड़क किनारे अवैध रूप से खड़े वाहनों की जांच की गई और कई वाहनों का चालान किया गया । इस दौरान पुलिस टीम ने सड़क पर बेतरतीब ढंग से खड़ी गाड़ियों को हटवाया तथा वाहन चालकों को कड़ी चेतावनी भी दी।
थाना प्रभारी निरीक्षक अखिलेश कुमार मिश्रा ने कहा कि सड़क पर गलत तरीके से वाहन खड़ा करने से यातायात बाधित होता है और दुर्घटनाओं की संभावना बढ़ जाती है। उन्होंने बताया कि पूर्व में भी सड़क किनारे लापरवाही से खड़े वाहनों के कारण कई दुर्घटनाएं हो चुकी हैं। पुलिस ने सभी वाहन चालकों से अपील की है कि वे अपने वाहनों को निर्धारित स्थान पर ही खड़ा करें और यातायात नियमों का पालन करें। थाना प्रभारी ने स्पष्ट किया कि यदि आगे भी कोई व्यक्ति सड़क पर गलत तरीके से वाहन खड़ा करता पाया गया तो उसके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र में अवैध पार्किंग करने वाले वाहन चालकों में हड़कंप मच गया। वहीं स्थानीय लोगों ने भी पुलिस की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि इससे सड़क पर यातायात व्यवस्था बेहतर होगी और दुर्घटनाओं पर भी अंकुश लगेगा।



