Sonbhadra News : ध्वनि प्रदूषण के खिलाफ पुलिस का एक्शन, बड़ी संख्या में हूटर पर चला बुल्डोजर
सोनभद्र पुलिस का बुल्डोजर सिर्फ माफिया के खिलाफ ही नहीं बल्कि हूटर के खिलाफ भी चलेगा। गुरुवार को पुलिस द्वारा उतरवाए गए ऐसे ही बड़ी संख्या में हूटरों पर बुल्डोजर चला।

sonbhadra
6:18 PM, March 26, 2026
आनन्द कुमार चौबे (संवाददाता)
सोनभद्र । सोनभद्र पुलिस का बुल्डोजर सिर्फ माफिया के खिलाफ ही नहीं बल्कि हूटर के खिलाफ भी चलेगा। गुरुवार को पुलिस द्वारा उतरवाए गए ऐसे ही बड़ी संख्या में हूटरों पर बुल्डोजर चला। पुलिस के अधिकारियों ने साफ कर दिया कि यह अभियान लगातार चलेगा।
गुरुवार को सोनभद्र पुलिस ने ध्वनि प्रदूषण के खिलाफ अभियान चलाया। इस दौरान लोढ़ी टोल प्लाजा पर पुलिस के अधिकारियों ने टीम के साथ हूटर लगे ट्रक व अन्य वाहनों को चेक किया और उसे उतरवाकर जप्त कर लिया। जिसे वहीं बुल्डोजर से नष्ट किया गया। एडिशनल एसपी व सीओ के नेतृत्व में चलाये गए इस अभियान में बड़ी संख्या में हूटरों को जप्त किया गया।
एडिशनल एसपी ने बताया कि ट्रक व अन्य ऐसे वाहनों के खिलाफ चेकिंग अभियान चलाया गया जो फूहड़ गाने के साथ ध्वनि प्रदूषण फैला रहे हैं । ऐसे ही ध्वनि विस्तारक यंत्रों को पुलिस ने जेसीबी की सहायता से नष्ट कराया।एएसपी ने सख्त संदेश देते हुए कहा कि किसी कीमत पर ध्वनि विस्तारक यंत्र लगाकर नहीं चलने दिया जाएगा। ताकि लोगों को असुविधा न हो।
वहीं सीओ सिटी रणधीर मिश्रा ने कहा कि अब तेज आवाज में म्यूजिक बजाकर चलने वाले टोटो और ऑटो के विरुद्ध भी जल्द अभियान चलेगा। उन्होंने बताया कि पूर्व में चलाए गए अभियान के क्रम में वाहनों से बड़ी संख्या में उतरवाए गए ध्वनि विस्तारक यंत्रों को भी आज नष्ट कराया गया ।




