Sonbhadra news : रिश्तों की डोर से जुड़ा नशामुक्ति का संकल्प, बंदियों को बांधा रक्षासूत्र
रक्षा बंधन के पावन पर्व के अवसर पर जिला कारागार गुरमा में ब्रह्माकुमारी संस्था की महिलाओं द्वारा विशेष रक्षासूत्र कार्यक्रम आयोजित किया गया।

sonbhadra
5:24 PM, August 21, 2026
राकेश चौबे
मारकुंडी (सोनभद्र)। रक्षा बंधन के पावन पर्व के अवसर पर जिला कारागार गुरमा में ब्रह्माकुमारी संस्था की महिलाओं द्वारा विशेष रक्षासूत्र कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम के दौरान संस्था की बहनों ने जेल में निरुद्ध बंदियों की कलाई पर रक्षासूत्र बांधकर उन्हें भाईचारे, सद्भाव और सकारात्मक जीवन का संदेश दिया।
इस अवसर पर बंदियों को नशे से होने वाले दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करते हुए नशे से पूरी तरह दूर रहने की शपथ दिलाई गई। संस्था की महिलाओं ने कहा कि नशा व्यक्ति के स्वास्थ्य और परिवार के साथ-साथ समाज पर भी प्रतिकूल प्रभाव डालता है। इससे दूर रहकर ही व्यक्ति अपने जीवन को बेहतर दिशा दे सकता है।
रक्षासूत्र बांधने के दौरान बंदियों ने भी नशामुक्त जीवन जीने तथा भविष्य में किसी भी प्रकार के नशे से दूर रहने का संकल्प लिया। कार्यक्रम में रक्षाबंधन के पर्व को मानवीय मूल्यों, आत्मीयता और सुधार की भावना से जोड़ते हुए बंदियों को समाज की मुख्यधारा में लौटने के लिए प्रेरित किया गया।
कार्यक्रम के दौरान जिला जेल प्रशासन की ओर से भी संस्था के इस प्रयास की सराहना की गई। इस अवसर पर जेल अधीक्षक अरुण कुमार मिश्र, जेलर अरविंद कुमार सिन्हा, उपकारापाल शशांक, गौरव कुमार, गरिमा कुमारी सहित जेल के अन्य कर्मचारी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम ने रक्षाबंधन के पर्व को भाई-बहन के स्नेह तक सीमित न रखते हुए मानवता, सद्भाव और नशामुक्त समाज के संकल्प से जोड़ने का संदेश दिया।




