Sonbhadra news : खड़े ट्रक में पीछे से भिड़ी पिकअप, चालक समेत दो की मौत
सुकृत क्षेत्र के चहलवा में वाराणसी-शक्तिनगर हाइवे पर बुधवार भोर करीब तीन बजे दर्दनाक सड़क हादसा हो गया।

sonbhadra
8:10 AM, September 23, 2026
जय नाथ मौर्या (संवाददाता)
मधुपुर/सोनभद्र। सुकृत क्षेत्र के चहलवा में वाराणसी-शक्तिनगर हाइवे पर बुधवार भोर करीब तीन बजे दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। हाइवे पर खड़े ट्रक में पीछे से एक पिकअप ने जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में पिकअप चालक समेत दो लोगों की मौत हो गई।
दुर्घटना की सूचना मिलते ही सुकृत पुलिस मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद पिकअप में फंसे दोनों लोगों को बाहर निकलवाकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मधुपुर पहुंचाया। यहां चिकित्सकों ने जांच के बाद दोनों को मृत घोषित कर दिया।
मृतकों की पहचान सद्दाम पुत्र वसीम तथा रविन्द्र पुत्र अमरजीत, निवासी कटौली, दुद्धी के रूप में हुई है। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर जिला चिकित्सालय स्थित मोर्चरी भेज दिया है, जहां अग्रिम विधिक कार्रवाई के बाद पोस्टमार्टम कराया जाएगा। हादसे के बाद पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच में जुटी है।




