Sonbhadra News : छठ महापर्व के बीच खुले वाहनों में मुर्गों की सप्लाई से लोगों में नाराजगी
इस समय छठ महापर्व का पावन पर्व भी चल रहा है। बीजपुर बाजार में सड़क किनारे छठ पूजा से संबंधित सामग्री की दुकानें भी सजी हुई हैं। बड़ी संख्या में व्रती महिलाएं, पुरुष और श्रद्धालु पूजा सामग्री की खरीदार

sonbhadra
11:54 AM, November 13, 2026
विजय कुमार पटेल (संवाददाता)
० मुर्गों के पंख राहगीरों पर गिरने से बढ़ी परेशानी, सुरक्षित ढुलाई की उठी मांग
बीजपुर (सोनभद्र) । बीजपुर बाजार एवं आसपास के क्षेत्रों में पोल्ट्री फार्म से मुर्गों की सप्लाई करने वाले खुले बॉडी के पिकअप और टेंपो को लेकर स्थानीय लोगों में नाराजगी बढ़ती जा रही है। आरोप है कि इन वाहनों में मुर्गों को खुले में भरकर बाजार के रास्ते विभिन्न क्षेत्रों में सप्लाई के लिए ले जाया जाता है। इस दौरान मुर्गों के पंख हवा में उड़कर सड़क से गुजरने वाले राहगीरों और आसपास मौजूद लोगों के ऊपर गिरते हैं, जिससे लोगों को असुविधा का सामना करना पड़ रहा है।
इस समय छठ महापर्व का पावन पर्व भी चल रहा है। बीजपुर बाजार में सड़क किनारे छठ पूजा से संबंधित सामग्री की दुकानें भी सजी हुई हैं। बड़ी संख्या में व्रती महिलाएं, पुरुष और श्रद्धालु पूजा सामग्री की खरीदारी के लिए बाजार पहुंच रहे हैं। ऐसे में खुले वाहनों से मुर्गों के पंख उड़कर लोगों और पूजा सामग्री के आसपास गिरना श्रद्धालुओं के लिए परेशानी का कारण बन रहा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि छठ जैसे पवित्र और आस्था से जुड़े पर्व के दौरान इस तरह की लापरवाही से बचा जाना चाहिए।
लोगों का कहना है कि बाजार में प्रतिदिन कई ऐसे श्रद्धालु भी आते-जाते हैं, जो व्रत रखते हैं और स्नान कर पूजा-पाठ तथा मंदिर दर्शन के लिए निकलते हैं। उनके ऊपर मुर्गों के पंख गिरने से उन्हें असहज स्थिति का सामना करना पड़ता है। इससे लोगों की धार्मिक भावनाएं भी प्रभावित हो रही हैं।
स्थानीय नागरिकों का कहना है कि पोल्ट्री फार्म संचालकों द्वारा मुर्गों की सप्लाई करना व्यवसाय का हिस्सा है, लेकिन परिवहन के दौरान आम नागरिकों की सुविधा, स्वच्छता और धार्मिक भावनाओं का ध्यान रखना भी जरूरी है।
स्थानीय लोगों ने पोल्ट्री फार्म संचालकों, वाहन चालकों और संबंधित प्रशासनिक अधिकारियों से मांग की है कि छठ महापर्व के दौरान विशेष सावधानी बरती जाए और मुर्गों की ढुलाई सुरक्षित तरीके से कराई जाए, ताकि श्रद्धालुओं, दुकानदारों और आम राहगीरों को किसी प्रकार की परेशानी न हो।




