Sonbhadra news : शारदीय नवरात्र व दशहरा को लेकर पीस कमेटी की बैठक, शांतिपूर्ण आयोजन पर जोर
आगामी शारदीय नवरात्र एवं दशहरा पर्व को शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण एवं सुरक्षित वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से बुधवार को थाना रॉबर्ट्सगंज परिसर में पीस कमेटी की बैठक आयोजित की गई।

sonnbhadra
6:01 PM, October 7, 2026
शांतनु कुमार/प्रकाश खत्री
सोनभद्र। आगामी शारदीय नवरात्र एवं दशहरा पर्व को शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण एवं सुरक्षित वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से बुधवार को थाना रॉबर्ट्सगंज परिसर में पीस कमेटी की बैठक आयोजित की गई। बैठक में मूर्ति समितियों, रामलीला कमेटी के पदाधिकारियों एवं डीजे संचालकों ने भाग लिया।
पुलिस अधीक्षक सोनभद्र अभिषेक वर्मा के निर्देशन में तथा क्षेत्राधिकारी नगर रणधीर मिश्रा के नेतृत्व में आयोजित बैठक में पर्व के दौरान सुरक्षा एवं कानून-व्यवस्था को लेकर विस्तृत चर्चा की गई। क्षेत्राधिकारी नगर ने सभी आयोजकों से आपसी भाईचारा, सौहार्द एवं शांति बनाए रखने की अपील की।
बैठक में मूर्ति स्थापना एवं विसर्जन, रामलीला आयोजन, डीजे संचालन, यातायात व्यवस्था एवं सुरक्षा प्रबंध को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। अधिकारियों ने आयोजकों से निर्धारित नियमों का पालन करने तथा किसी भी प्रकार की अव्यवस्था की स्थिति में तत्काल पुलिस को सूचना देने को कहा।
क्षेत्राधिकारी ने कहा कि त्योहारों को आपसी प्रेम, भाईचारे और सौहार्द के साथ मनाया जाए। उन्होंने सभी समिति पदाधिकारियों एवं डीजे संचालकों से पुलिस-प्रशासन का सहयोग करने की अपील की, ताकि नवरात्र एवं दशहरा पर्व सकुशल संपन्न कराया जा सके।




