Sonbhadra News :मुहर्रम के मद्देनजर शांति समिति की बैठक संपन्न,शासन की गाइडलाइन से कराया गया अवगत
मुहर्रम के मद्देनजर शांति समिति की बैठक संपन्न, सौहार्दपूर्ण माहौल में पर्व मनाने की अपील

AI जनरेटेड बैनर ----
sonbhadra
8:37 PM, June 18, 2026
मुहर्रम के मद्देनजर शांति समिति की बैठक संपन्न, सौहार्दपूर्ण माहौल में पर्व मनाने की अपील
दुद्धी, सोनभद्र। आगामी मुहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से गुरुवार को महिला थाना परिसर में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता उपजिलाधिकारी निखिल यादव एवं क्षेत्राधिकारी राजेश कुमार राय ने संयुक्त रूप से की।बैठक में दोनों समुदायों के संभ्रांत नागरिकों, जनप्रतिनिधियों, धर्मगुरुओं तथा ताजिया कमेटी के पदाधिकारियों ने भाग लिया। अधिकारियों ने उपस्थित लोगों से मुहर्रम के दौरान आपसी भाईचारा एवं सामाजिक सौहार्द बनाए रखने की अपील की। साथ ही पर्व से जुड़े जुलूस, ताजिया मार्ग, सुरक्षा व्यवस्था, साफ-सफाई, बिजली एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं पर विस्तार से चर्चा की गई।उपजिलाधिकारी निखिल यादव ने कहा कि शासन की गाइडलाइन के अनुरूप ही सभी कार्यक्रम आयोजित किए जाएं तथा किसी भी प्रकार की समस्या होने पर तत्काल प्रशासन को अवगत कराया जाए। क्षेत्राधिकारी राजेश कुमार राय ने कहा कि त्योहार के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। किसी भी प्रकार की अफवाह पर ध्यान न दें और संदिग्ध गतिविधियों की सूचना तुरंत पुलिस को दें।बैठक में उपस्थित लोगों ने प्रशासन को पूर्ण सहयोग का आश्वासन दिया तथा मुहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में मनाने का संकल्प व्यक्त किया।
इस अवसर पर नगर पंचायत अध्यक्ष कमलेश मोहन,केंद्रीय अखाड़ा कमेटी के अध्यक्ष मुजीब खा, फतेहमुम्मद, श्री रामलीला कमेटी के अध्यक्ष कन्हैयालाल अग्रहरि, जेबीएस अध्यक्ष पंकज जायसवाल,सुरेन्द्र अग्रहरि, टेढ़ा ग्राम प्रधान प्रतिनिधि सरजू प्रसाद, कोतवाली प्रभारी डीके सिंह, एसएसआई संजय सिंह, कस्बा प्रभारी अमित कुमार सिंह सहित दोनों समुदायों के गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।




