Sonbhadra News :दर्दनाक हादसा: रेलवे ट्रैक पर ट्रेन की चपेट में आने से युवक की मौत
दर्दनाक हादसा: रेलवे ट्रैक पर ट्रेन की चपेट में आने से युवक की मौत

AI जनरेटेड बैनर ----
sonbhadra
9:51 AM, October 3, 2026
दर्दनाक हादसा: रेलवे ट्रैक पर ट्रेन की चपेट में आने से युवक की मौत
धनौरा गांव के पास पोल संख्या 75/2 पर हुई घटना, शव के हुए दो टुकड़े; जांच में जुटी पुलिस
दुद्धी, सोनभद्र। स्थानीय कोतवाली क्षेत्र के धनौरा गांव के रेलवे ट्रैक पर शनिवार की अलसुबह एक दर्दनाक हादसा सामने आया है, जहाँ ट्रेन की चपेट में आने से एक युवक की मौके पर ही मौत होने की बात बतायी जा रही हैं। युवक का शव दो टुकड़ों में बंट गया। आशंका जताई जा रही है कि ट्रेन युवक के धड़ के ऊपर से पार हो गई, जिसके कारण उसका हाथ और चेहरा भी धड़ से अलग होकर काफी दूर जा गिरे।यह पूरी घटना रेलवे ट्रैक के पोल संख्या 75/2 के पास घटित हुई है। हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस के जवान तुरंत मौके पर पहुँच गए। चूंकि घटना रेलवे ट्रैक के मध्य में हुई थी, इसलिए नियमानुसार पोस्टमार्टम की कार्रवाई के लिए जीआरपीएफ (GRPF) टीम को सूचित कर दिया गया है।
घटनास्थल पर छानबीन के दौरान पुलिस को मृतक के पास से एक मोबाइल फोन बरामद हुआ है। उस मोबाइल के आधार पर मृतक की पहचान गोरख, पुत्र सोमारू (निवासी ग्राम धूमा, थाना विंढमगंज) के रूप में की गई है। हालांकि, पुलिस प्रशासन अभी इस पहचान और हादसे से जुड़े अन्य तथ्यों की पूरी तरह पुष्टि करने में जुटी हुई है।स्थानीय पुलिस मृतक के पास मिले मोबाइल फोन और उससे मिले विवरणों की कड़ियों को जोड़ते हुए मामले की गहराई से जांच कर रही है। सुरक्षा के दृष्टिकोण से और रेलवे ट्रैक पर स्थानीय लोगों की भारी भीड़ को देखते हुए पुलिस बल मौके पर तैनात है। इस दौरान ट्रेनों की आवाजाही सामान्य रूप से जारी है।




