Sonbhadra News : सम्पूर्ण समाधान दिवस पर आए 298 मामलों में मात्र 34 का हुआ निस्तारण
आज जिले की चारों तहसीलों में संपूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया, जहां अधिकारियों ने लोगों की समस्याएं सुनीं और उनके त्वरित निस्तारण के निर्देश दिए। जिले के चारों तहसील में मिलकर कुल 298 मामले......

तहसील समाधान दिवस में फरियादियों की समस्याओं को सुनते डीएम, एसपी व सीएमओ......
sonbhadra
7:52 PM, April 4, 2026
आनन्द कुमार चौबे (संवाददाता)
सोनभद्र । आज जिले की चारों तहसीलों में संपूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया, जहां अधिकारियों ने लोगों की समस्याएं सुनीं और उनके त्वरित निस्तारण के निर्देश दिए। जिले के चारों तहसील में मिलकर कुल 298 मामले सामने आए जिसमें से 34 का मौके पर निस्तारण किया गया, वहीं अधिकारियों ने 264 मामलों के समयबद्ध तरीके से निस्तारण करने का निर्देश संबंधितों को दिया।
अनुपस्थित पांच अधिकारियों को स्पष्टीकरण जारी -
दुद्धी तहसील में जिलाधिकारी बी0एन0 सिंह और पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा ने फरियादियों की शिकायतें सुनीं। दुद्धी तहसील में कुल 61 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से 6 मामलों का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया, जबकि शेष 55 मामलों को निर्धारित समयसीमा में निस्तारित करने के निर्देश दिए गए। वहीं संपूर्ण समाधान दिवस में अनुपस्थित पाए गए जिला सेवायोजन अधिकारी, आयुक्त स्वरोजगार, जिला उद्यान अधिकारी, जिला उद्योग अधिकारी और सीडीपीओ दुद्धी को स्पष्टीकरण जारी करने के निर्देश भी दिए गए।
इस अवसर पर डीडीओ हेमंत कुमार सिंह, सीएमओ डॉ0 पी0के0 राय, पीओ डूडा सुधांशु शेखर शर्मा, डीसी मनरेगा रवीन्द्र वीर सिंह सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
वहीं राबर्ट्सगंज तहसील में एसडीएम उत्कर्ष द्विवेदी और तहसीलदार अमित कुमार ने कुल 120 शिकायतें सुनीं। इनमें से 20 मामलों का मौके पर निस्तारण किया गया, जबकि 100 मामलों को समयबद्ध निस्तारण के लिए संबंधित विभागों को भेजा गया।
ओबरा तहसील में अपर जिलाधिकारी वागीश कुमार शुक्ला ने कुल 47 शिकायतों की सुनवाई की, जिनमें से 3 मामलों का मौके पर निस्तारण किया गया और 44 मामलों को तय समयसीमा में निस्तारित करने के निर्देश दिए गए।
इसी तरह घोरावल तहसील में एसडीएम आशीष कुमार त्रिपाठी और तहसीलदार प्रवीण कुमार ने कुल 70 शिकायतें सुनीं। इनमें 5 मामलों का निस्तारण मौके पर किया गया, जबकि 65 मामलों को संबंधित विभागों को निस्तारण के लिए भेजा गया।



