Sonbhadra News : 'किलर रोड' पर मौत का तांडव: बारात से लौट रही गाड़ी पलटी, तीन की मौत, चार घायल
किलर रोड के नाम से कुख्यात वाराणसी-शक्तिनगर राज्यमार्ग ने एक बार फिर खुशियों को मातम में बदल दिया। बारात से लौट रही एक गाड़ी पलटी और देखते ही देखते तीन जिंदगियां सड़क पर ही थम गईं। तेज रफ्तार और....

AI जनरेटेड फोटो
sonbhadra
7:35 AM, April 25, 2026
आनन्द कुमार चौबे (संवाददाता)
सोनभद्र । किलर रोड के नाम से कुख्यात वाराणसी-शक्तिनगर राज्यमार्ग ने एक बार फिर खुशियों को मातम में बदल दिया। बारात से लौट रही एक गाड़ी पलटी और देखते ही देखते तीन जिंदगियां सड़क पर ही थम गईं। तेज रफ्तार और लापरवाही का यह खौफनाक मंजर पूरे इलाके को सन्न कर गया।
मिली जानकारी के अनुसार, शनिवार की सुबह-सुबह हुए एक दर्दनाक सड़क हादसे ने लोगों को झकझोर कर रख दिया। वाराणसी-शक्तिनगर राज्यमार्ग पर लोढ़ी स्थित टाटा मोटर्स एजेंसी के पास बारात से लौट रही एक चार पहिया वाहन अचानक अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसा इतना भीषण था कि मौके पर ही चीख-पुकार मच गई और आसपास के लोग दहशत में आ गए।
जानकारी के अनुसार, वाहन में चालक समेत कुल आठ लोग सवार थे, जो खलियारी बैनी रायपुर से कन्हौरा की ओर लौट रहे थे। रास्ते में अचानक संतुलन बिगड़ने से वाहन पलट गया। टक्कर और पलटने की जोरदार आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर दौड़े और राहत कार्य शुरू किया।
इस भीषण हादसे में दिलीप पासवान, नीतीश यादव और जितेंद्र साहनी की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए घायलों और मृतकों को तत्काल मेडिकल कॉलेज पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने तीनों को मृत घोषित कर दिया। हादसे में चार अन्य लोग घायल हुए हैं, जिनका इलाज जिला अस्पताल में चल रहा है। वहीं वाहन चालक छोटेलाल साहनी की हालत नाजुक बनी हुई है, जिन्हें गंभीर स्थिति में वाराणसी के ट्रामा सेंटर रेफर किया गया है।
घटना की सूचना मिलते ही राबर्ट्सगंज कोतवाली क्षेत्र की लोढ़ी चौकी पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने क्षतिग्रस्त वाहन को सड़क किनारे कर यातायात सुचारु कराया और हादसे की जांच शुरू कर दी है।
गौरतलब है कि वाराणसी-शक्तिनगर राज्यमार्ग को लंबे समय से 'किलर रोड' के रूप में जाना जाता है। इस मार्ग पर आए दिन होने वाले हादसे प्रशासनिक दावों की पोल खोलते नजर आते हैं। बावजूद इसके, सड़क सुरक्षा और यातायात नियंत्रण के ठोस इंतजाम अब भी नदारद हैं, जिससे लोगों में आक्रोश और डर दोनों बढ़ते जा रहे हैं।



