Sonbhadra News : दम्पति की मौत के मामले में चार अभियुक्तों के विरुद्ध हत्या का मुकदमा दर्ज करने का आदेश
अधिवक्ता ने बताया कि शादी के बाद चंदा दस दिनों तक ससुराल में रही उसके बाद मायके चली गई तथा कुछ मान्यताओं के कारण उसकी पुनः विदाई नहीं हो सकी थी इसलिए अपने मायके से ही रोज राबर्ट्सगंज काम पर आती थी

sonbhadra
6:47 PM, October 21, 2026
राजेश पाठक
सोनभद्र की एक अदालत ने लगभग तीन माह पूर्व हुई दम्पति की मौत के मामले में चार अभियुक्तों के विरुद्ध हत्या का मुकदमा दर्ज कर विवेचना करने का पुलिस को आदेश दिया l
मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी न्यायाधीश पंकज की अदालत ने वादी मुकदमा के प्रार्थना पत्र के आधार पर बी एन एस एस की धाराओं में मुकदमा पंजीकृत कर विवेचना कराने तथा एक सप्ताह के अंदर न्यायालय को कृत कार्यवाही से अवगत कराने का आदेश दिया l
वादी मुकदमा बुल्लू यादव निवासी ग्राम बिच्छी थाना राबर्ट्सगंज की तरफ़ से पैरवी कर रहे अधिवक्ता रोशन लाल यादव ने बताया कि 12 जुलाई 2026 को चोपन थाना क्षेत्र के मारकुंडी घाटी में वादी के पुत्र राहुल 26 और उसकी पत्नी चंदा 24 के शव मिले थे l दोनों शव 3,4 दिन पुराने होने के कारण सड़ी गली हालत में थे लेकिन बाइक बिल्कुल सही हालत में थी l
उन्होंने बताया कि राहुल की शादी 6 मई 2026 को चोपन थाना अंतर्गत ग्राम सलखन निवासी चंदा पुत्री बबुंदर यादव से हुई थी l चंदा पाँच वर्ष तक सलखन स्थित एक निजी अस्पताल में नर्स का काम कर चुकी थी लेकिन बाद में राबर्ट्सगंज के एक निजी अस्पताल में कार्य करने लगी थी अधिवक्ता ने बताया कि शादी के बाद चंदा दस दिनों तक ससुराल में रही उसके बाद मायके चली गई तथा कुछ मान्यताओं के कारण उसकी पुनः विदाई नहीं हो सकी थी इसलिए अपने मायके से ही रोज राबर्ट्सगंज काम पर आती थी l उन्होंने बताया कि इस बीच राहुल अपनी पत्नी को रोज़ ड्यूटी समाप्त होने पर राबर्ट्सगंज से सलखन बाइक से पहुँचाने जाता था l
अधिवक्ता रोशन लाल ने बताया कि विवाह के पहले ही सलखन निवासी विकास सिंह पटेल ने चंदा को राहुल से शादी नहीं करने की धमकी दी अन्यथा उसके आपत्तिजनक फोटो वायरल करने की चेतावनी दी थी l उन्होंने बताया कि मृतका चंदा सलखन स्थित जिस निजी अस्पताल में पूर्व में कार्य करती थी उसके चिकित्सक राजबीर से भी उसके प्रेम संबंध होने की बात सामने आई थी उसने भी उसे राहुल से शादी करने से मना किया था l अधिवक्ता ने बताया कि एक अन्य व्यक्ति जिसने मृतका के भाई पर अपनी पुत्री से दुष्कर्म का आरोप लगाया था और मुकदमा पाक्सो कोर्ट में विचाराधीन है वह भी मृतका चंदा की माँ को बार बार धमकी देता था l इसी क्रम में उन्होंने बताया कि कुछ लोगों ने राहुल को भी धमकी दी थी l
अधिवक्ता रोशन लाल ने बताया कि मामले में सुनवाई करते हुए अदालत ने विकास सिंह पटेल , डाक्टर रामभरोसे , बबलू यादव और उसकी पत्नी सविता यादव के विरुद्ध सुसंगत धाराओं में मुकदमा पंजीकृत कर विवेचना करने का चोपन थाना की पुलिस को आदेश दिया l




