Sonbhadra News : आकाशीय बिजली की चपेट में आने से एक महिला की मौत, 5 लोग झुलसे
घोरावल कोतवाली क्षेत्र के अलग-अलग अलग स्थानो पर आकाशीय बिजली गिरने से एक महिला की मौत हो गई और 5 लोग झुलस गए।

sonbhadra
9:40 PM, July 4, 2025
राजकुमार गुप्ता (संवाददाता)
घोरावल (सोनभद्र) । घोरावल कोतवाली क्षेत्र के अलग-अलग अलग स्थानो पर आकाशीय बिजली गिरने से एक महिला की मौत हो गई और 5 लोग झुलस गए। क्षेत्र के कन्हारी गांव में आकाशीय बिजली की चपेट में आने से एक महिला की मौत हो गई और उसका पति झुलस गया। झुलसे लोगो को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया। शुक्रवार को बहुत ही तेज गरज चमक के साथ आकाशीय बिजली क्षेत्र में गिरी। पश्चिम क्षेत्र के कन्हारी गांव के रहने वाले सुपाड़ी लाल अपनी पत्नी नौरंगी देवी के साथ घर से अपनी पाही पर गए थे। वहां पर पत्नी नौरंगी देवी बरामदे में बैठी थी। तेज गरज चमक के साथ आकाशीय बिजली गिरी। महिला मरणासन्न हो गई। वहीं पर रहे उसके पति सुपाड़ी लाल भी झुलस गए। मदद के लिए शोर शराबा सुनकर आसपास के कुछ लोग दौड़े। दोनों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र घोरावल ले जाया गया। नौरंगी देवी (45) को मृत घोषित कर दिया गया और पति सुपाड़ी लाल (53) को भर्ती कर दिया गया। घटना से स्वजन में कोहराम मच गया। घटना की सूचना अस्पताल से मिलने पर पुलिस ने शव को कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
वहीं दूसरी घटना क्षेत्र के देवरीकाठ गांव में हुई। आरती (20) , पुष्पा (20) और रेखा देवी (28) शुक्रवार की दोपहर खेत में धान का बीज डाल रही थी। आकाशीय बिजली गिरने से तीनों झुलस गई। उनके स्वजन द्वारा घोरावल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में उपचार के लिए उन सभी को भर्ती कराया गया। वहीं तीसरी घटना पथरताल गांव में हुई, जहां राकेश यादव (18) बारिश के दौरान बिजली गिरने से झुलस गया। उसे भी अस्पताल मे भर्ती कराया गया।