Sonbhadra News : 'एक पेड़ माँ के नाम' अभियान का आगाज, जिले में गूंजा पर्यावरण संरक्षण का संदेश
विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर गुरुवार को जनपद में पर्यावरण संरक्षण को जनआंदोलन का स्वरूप देने के उद्देश्य से वृहद पौधरोपण अभियान चलाया गया। केन्द्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में 5.....

sonbhadra
7:30 PM, June 5, 2026
आनन्द कुमार चौबे (संवाददाता)
• जनपद में एक करोड़ 61 लाख से अधिक पौधे लगाने का है लक्ष्य
• मिशन छाया के तहत सड़क के दोनों ओर लगाए जाएंगे छायादार पौधे
सोनभद्र । विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर शुक्रवार को जनपद में वृहद पौधरोपण अभियान की शुरुआत करते हुए ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान का शुभारंभ किया गया। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की हरित आवरण बढ़ाने की पहल के तहत आयोजित इस महाअभियान में जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों एवं आमजन ने बढ़-चढ़कर सहभागिता की और पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।
पौधारोपण महाअभियान के तहत विकास खंड घोरावल के तिलौली कला में मुख्य कार्यक्रम आयोजित किया गया, जहां विधायक घोरावल डॉ0 अनिल कुमार मौर्य, जिलाधिकारी चर्चित गौड़, मुख्य विकास अधिकारी जागृति अवस्थी सहित अन्य अधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों ने पौधरोपण कर अभियान का शुभारंभ किया। वहीं सदर विधायक भूपेश चौबे, विभिन्न ब्लॉक प्रमुखों, जनप्रतिनिधियों तथा बड़ी संख्या में नागरिकों ने भी जिले के अलग-अलग स्थानों पर पौधे लगाकर अभियान में भागीदारी निभाई।
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण केवल सरकारी जिम्मेदारी नहीं बल्कि समाज के प्रत्येक व्यक्ति का दायित्व है। उन्होंने लोगों से अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनके संरक्षण का संकल्प लेने का आह्वान किया, ताकि आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ और सुरक्षित पर्यावरण मिल सके।
जिले में इस वर्ष पौधारोपण महाअभियान के अंतर्गत कुल 1 करोड़ 61 लाख 69 हजार 686 पौधे रोपित करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इसमें वन विभाग द्वारा 1 करोड़ 2 लाख 18 हजार पौधे लगाए जाएंगे, जबकि शेष 59 लाख 51 हजार 686 पौधों का रोपण 22 अन्य विभागों द्वारा किया जाएगा।
प्रशासन ने पौधारोपण को जनआंदोलन का स्वरूप देने के लिए विभिन्न विभागों, ग्राम पंचायतों, शैक्षणिक संस्थानों एवं सामाजिक संगठनों को अभियान से जोड़ा है। वहीं ‘मिशन छाया’ के तहत जिले की प्रमुख सड़कों के दोनों किनारों पर छायादार वृक्ष लगाए जाएंगे, जिससे पर्यावरण संरक्षण के साथ-साथ यात्रियों को भी राहत मिल सके।
‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत लोगों ने अपनी माताओं के सम्मान में पौधे लगाकर पर्यावरण संरक्षण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की। अधिकारियों ने कहा कि केवल पौधे लगाना ही नहीं, बल्कि उनका संरक्षण और संवर्धन भी अभियान की सफलता की कुंजी होगा।




