Sonbhadra News : अधिवक्ता हत्याकांड मामले में एक और गिरफ्तारी, पांच की तलाश जारी
घोरावल कोतवाली क्षेत्र में बीते वर्ष हुई सड़क दुर्घटना की घटना अब हत्या की सुनियोजित साजिश के रूप में सामने आई है। पुलिस ने मामले में वांछित एक और आरोपित को गिरफ्तार किया है।

sonbhadra
10:01 PM, May 14, 2026
राजकुमार गुप्ता (संवाददाता)
घोरावल (सोनभद्र) । घोरावल कोतवाली क्षेत्र में बीते वर्ष हुई सड़क दुर्घटना की घटना अब हत्या की सुनियोजित साजिश के रूप में सामने आई है। पुलिस ने मामले में वांछित एक और आरोपित को गिरफ्तार किया है।
स्थानीय पुलिस ने खुटहां मोड़ बाईपास पर चेकिंग के दौरान हत्या के आरोपित अशोक गोड़ उर्फ अशोक मांझी पुत्र छोटक गोड़ निवासी ग्राम पेढ़ को गिरफ्तार किया। आरोपित के खिलाफ थाना घोरावल में बीएनएस की विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज है। घटना के बाद से ही उसकी तलाश की जा रही थी।
प्रभारी निरीक्षक बृजेश कुमार सिंह ने बताया कि 8 दिसंबर 2025 को खुटहा बाईपास पर एक ट्रक ने क्रेटा कार को जोरदार टक्कर मार दी थी। हादसे में कार चालक राजेश यादव निवासी ग्राम पेढ़ की मौत हो गई थी। राजेश यादव वकालत की प्रैक्टिस भी करते थे। शुरुआती जांच में मामला सड़क हादसा माना गया था, लेकिन बाद में विवेचना के दौरान घटनास्थल निरीक्षण, तकनीकी साक्ष्य और कॉल डिटेल रिकॉर्ड के विश्लेषण में चौंकाने वाले तथ्य सामने आए।
पुलिस जांच में पता चला कि यह दुर्घटना नहीं बल्कि सुनियोजित हत्या थी। जांच के अनुसार वर्ष 2023 में अनुराग पाल अपहरण और हत्या कांड में राजेश यादव भी आरोपित थे और जमानत पर बाहर चल रहे थे। इसी रंजिश को लेकर उनकी हत्या की साजिश रची गई।
पुलिस के मुताबिक योजना के तहत ट्रक चालक अभय पाल ने क्रेटा कार में टक्कर मारी थी। घटना के बाद उसे मोटरसाइकिल से मौके से फरार कराया गया। पूछताछ में गिरफ्तार अशोक मांझी ने भी साजिश में शामिल होने की बात स्वीकार की है। उसने बताया कि वह मंगल पाल के कहने पर योजना में शामिल हुआ था।
पुलिस ने बताया कि विवेचना में मिले साक्ष्यों के आधार पर मुकदमे में धारा 3(5) बीएनएस की बढ़ोत्तरी तथा धारा 281 बीएनएस की घटोत्तरी की गई है। मामले में इससे पहले अभय पाल को भी गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है।
पांच नामजद अब भी फरार
मृतक राजेश यादव के भाई दिनेश यादव ने बताया कि घटना के दिन पांच नामजद आरोपितों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई गई थी। अब तक दो आरोपित गिरफ्तार हो चुके हैं, जबकि अन्य की तलाश जारी है। उन्होंने कहा कि मामले से जुड़ी एक कॉल रिकॉर्डिंग भी सामने आई थी, जो इंटरनेट मीडिया पर वायरल हुई थी। कॉल रिकॉर्डिंग के आधार पर घर के पास रहने वाले दो अन्य लोग भी संदेह के घेरे में हैं।
पुलिस का कहना है कि मुख्य आरोपित पर इनाम भी घोषित किया जा चुका है और उसकी तलाश में लगातार दबिश दी जा रही है।




