Sonbhadra News : एक दिन की कोतवाल और महिला थाना प्रभारी बनी बेटियों ने निभाई जिम्मेदारी
मिशन शक्ति के अंतर्गत बुधवार को नगर की दो बेटियों ने एक दिन के लिए थाने की कमान संभाली। जहाँ नर्सिंग कॉलेज की छात्रा अनवरी अंसारी को एक दिन के लिए रॉबर्ट्सगंज कोतवाली का प्रभार मिला तो वहीं आदर्श....

sonbhadra
4:13 AM, October 10, 2024
आनन्द कुमार चौबे (संवाददाता)
सोनभद्र । मिशन शक्ति के अंतर्गत बुधवार को नगर की दो बेटियों ने एक दिन के लिए थाने की कमान संभाली। जहाँ नर्सिंग कॉलेज की छात्रा अनवरी अंसारी को एक दिन के लिए रॉबर्ट्सगंज कोतवाली का प्रभार मिला तो वहीं आदर्श इंटर कॉलेज में 12वीं की छात्रा आकांक्षा ने महिला थाने की कमान संभाली। इस दौरान छात्राओं ने थाने का कामकाज समझा और वहां आए फरियादियों की समस्याएं सुनीं एवं उसके निस्तारण का संबंधितों को निर्देश दिया।
चुनौतीपूर्ण है पुलिस की नौकरी, तत्परता से करना होता है काम -
रॉबर्ट्सगंज कोतवाल की कुर्सी संभालने वाली उरमौरा निवासी अनवरी अंसारी पुत्री कलामुद्दीन अंसारी को एएसपी कालू सिंह व कोतवाल सत्येंद्र राय ने पुलिस के कामकाज के बारे में समझाया। मिशन शक्ति में होने वाली गतिविधियों के बारे में जानकारी दी। इस दौरान उनके समक्ष पैसे के लेन-देन का मामला पहुंचा। निपराज गांव निवासी नागेश्वर यादव के मृत पिता ने सात साल पूर्व किसी को 40 हजार दिया था।अब वह वापस नहीं कर रहा। छात्रा अनवरी ने आरोपी पक्ष को मौके पर तलब किया। दोनों पक्षों को सुनने के बाद समाधान के लिए समुचित सुझाव दिया। अनवरी ने बताया कि पुलिस का काम एक दिन करने को मिला जो काफी चुनौतीपूर्ण कार्य है, इससे आत्मविश्वास में बढ़ोत्तरी हुई है।
बेटियों को आगे बढ़ाने के लिए पुलिस का प्रयास सराहनीय -
वहीं आदर्श इंटर काॅलेज की छात्रा आकांक्षा पुत्री दूधनाथ एक दिन की महिला थाने की थानाध्यक्ष बनी। इस मौके पर महिला एसओ सविता सरोज मौजूद रहीं। आकांक्षा ने कहा कि बेटियों को आगे बढ़ाने के लिए पुलिस का यह प्रयास सराहनीय है।




