Sonbhadra News : पितृ विसर्जन पर पितरों का किया तर्पण,श्राद्ध कर्म सम्पन्न
सततवाहिनी नदी के तट पर विधि -विधान से श्राद्ध व तर्पण कार्यक्रम सम्पन्न

सोनभद्र
4:31 PM, October 10, 2026
धर्मेन्द्र गुप्ता (संवाददाता)
विंढमगंज (सोनभद्र)। स्थानीय क्षेत्र में स्थित सततवाहिनी नदी के छठ घाट पर शनिवार को श्रद्धालुओं ने अपने पितरों की आत्मा की शांति एवं तृप्ति के लिए विधि-विधान से श्राद्ध और तर्पण किया। इस दौरान वैदिक मंत्रोच्चार के बीच श्रद्धालुओं ने अपने पूर्वजों को स्मरण करते हुए श्रद्धापूर्वक जल अर्पित किया।श्राद्ध कर्मकांड पंडित राजीव रंजन तिवारी ने वैदिक मंत्रोच्चार के साथ संपन्न कराया। श्रद्धालुओं ने तर्पण, अर्पण और समर्पण की भावना के साथ अपने पितरों के प्रति श्रद्धा एवं कृतज्ञता व्यक्त की।इस अवसर पर पंडित राजीव रंजन तिवारी ने बताया कि श्राद्ध पक्ष प्रतिपदा से लेकर अमावस्या तक पितरों के स्मरण और उनके प्रति श्रद्धा व्यक्त करने का विशेष समय माना जाता है। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, इस अवधि में पितरों की तृप्ति के लिए उनके वंशजों द्वारा तर्पण, पिंडदान एवं श्राद्ध करने का विधान है। उन्होंने बताया कि भाद्रपद पूर्णिमा से लेकर आश्विन कृष्ण पक्ष की अमावस्या तक पितरों के निमित्त विभिन्न धार्मिक अनुष्ठान किए जाते हैं।उन्होंने कहा कि श्राद्ध एवं तर्पण का मुख्य उद्देश्य अपने पूर्वजों के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करना, उनकी स्मृतियों को संजोए रखना तथा परिवार की सुख-समृद्धि और कल्याण की कामना करना है।सततवाहिनी नदी के छठ घाट पर श्रद्धालुओं ने पूरी आस्था और श्रद्धा के साथ अपने पितरों को नमन किया तथा उनके प्रति अपनी धार्मिक परंपराओं और संस्कारों का निर्वहन किया।




