Sonbhadra News : सावन के पहले सोमवार को शिवद्वार मंदिर में जलाभिषेक के लिए उमड़ी श्रद्धालुओं की भारी भीड़
श्रावण मास के प्रथम सोमवार को द्वितीय काशी के नाम से सुप्रसिद्ध गुप्तकाशी शिवद्वार मंदिर में उमामहेश्वर के दर्शन-पूजन व जलाभिषेक के लिए हजारो की संख्या मे श्रद्धालु पहुंचे।

sonbhadra
8:45 PM, July 14, 2025
राजकुमार गुप्ता (संवाददाता)
◆ लगभग 6 हजार श्रद्धालुओं ने किया जलाभिषेक
घोरावल (सोनभद्र) । श्रावण मास के प्रथम सोमवार को द्वितीय काशी के नाम से सुप्रसिद्ध गुप्तकाशी शिवद्वार मंदिर में उमामहेश्वर के दर्शन-पूजन व जलाभिषेक के लिए हजारो की संख्या मे श्रद्धालु पहुंचे। सोमवार की देर शाम तक दो हजार कावरिया समेत छह हजार श्रद्धालुओ ने जलाभिषेक व दर्शन पूजन वंदन किया।
उमा महेश्वर के श्रृंगार के बाद मंगला आरती कर गर्भगृह का कपाट सोमवार की भोर साढ़े तीन बजे श्रद्धालुओं को जलाभिषेक तथा दर्शन पूजन के लिए पुजारी अरविंद गिरी ने खोल दिया। महिलाओं और पुरुषों के लिए अलग-अलग कतार लगी रही। बोल बम के उद्घोष से मंदिर परिसर गूंजता रहा। हर हर महादेव के उद्घोष के साथ अल सुबह के वक्त लगभग दो सौ से ज्यादा कावरियों ने भगवान शिव व मां पार्वती का दर्शन पूजन व जलाभिषेक किया। श्रद्धालु भक्तों ने भोले की प्रिय सवारी नंदी व शिवलिंग पर जल चढ़ाते हुए बाबा भोलेनाथ तथा माता पार्वती के अनोखे विग्रह का दर्शन पूजन वंदन कर आशीष लिया। सावन मेले में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ लगी रही, दुकानें सजी रही।
मीरजापुर शहर के बरियाघाट से तथा मिर्जापुर ब्लाक के सीखड़ व अन्य स्थानों से पवित्र गंगाजल लेकर शनिवार की शाम से नंगेे पांव 70 किलोमीटर की दूरी तय करते हुए कांवरियो की टोली शिवद्वार में रविवार की देर रात व सोमवार की भोर तक उमा महेश्वर के दरबार में पहुंची।
अपर पुलिस अधीक्षक त्रिभुवन नाथ त्रिपाठी मंदिर परिसर में बने कंट्रोल रूम में पुलिस फोर्स के साथ डटे रहे। पुलिस बल के साथ सेवा सहयोग मे लगे आपदा मित्र दीपक कुमार मोदनवाल, अशोक कुमार, गिरीश सिंह, अवनीश पांडेय, आपदा सखी प्रतिमा यादव, अनीता मौर्या, आरती आदि जोकि दर्शन पूजन के लिए आए हुए सभी कांवरियों को कतारबद्ध शांति पूर्वक दर्शन कराने में लगे रहे।




