Sonbhadra News : अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस पर ने राज्यपाल ने राजभवन में समूह की महिलाओं को प्रशस्ति पत्र देकर किया सम्मानित
अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस पर सोनभद्र की 10 समूह की महिलाओं को राजभवन लखनऊ में महामहिम राज्यपाल आनंदीबेन पटेल के द्वारा प्रशस्ति पत्र देकर के सम्मानित किया गया।

sonbhadra
7:49 PM, March 8, 2026
सोनभद्र। अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के शुभ अवसर पर जनपद सोनभद्र में सोया मिल्क पनीर का उत्पादन करने वाली विकास खंड करमा की 10 समूह की महिलाओं को राजभवन लखनऊ में महामहिम राज्यपाल आनंदीबेन पटेल के द्वारा प्रशस्ति पत्र देकर के सम्मानित किया गया।
समूह सदस्य सरिता देवी के द्वारा मंच पर महामहिम के समक्ष अपने सफलता की कहानी के बारे में बताया गया।
महामहिम ने जनपद सोनभद्र का उदाहरण देते हुए विभिन्न जनपदों एवं प्रदेशों से आई हुई उत्कृष्ट कार्य करने वाली 500 महिलाओं को बताया कि यदि महिलाएं चाहे तो उसके लिए कोई भी कार्य असंभव नहीं है, इसका सबसे बड़ा उदाहरण जनपद सोनभद्र है जो अत्यंत पिछला जनपद होने के बावजूद भी वहां पर समूह की महिलाएं सोयाबीन से दूध, पनीर, दही आदि उत्पाद बनाने का कार्य कर रही है जो स्वास्थ्य के दृष्टिकोण से बहुत ही लाभदायक है तथा इसकी बाजार में भी मांग बहुत ज्यादा है इससे न केवल महिलाएं आर्थिक रूप से सशक्त हो रही है बल्कि समाज में व्याप्त विभिन्न प्रकार की बीमारियों को कम करने में भी यह उत्पाद सहायक साबित हो रहा है।
अन्य महिलाओं को भी इनसे सीख लेकर के इस तरह के लघु उद्योग स्थापित करने चाहिए जिससे कि उनकी आमदनी बढ़ सके और वह सशक्त रूप से समाज में अपने आप को स्थापित कर सकें। जनपद सोनभद्र के समूह की 1.62 लाख महिलाओं के लिए यह अत्यंत ही गौरव का क्षण है जब यहां की महिलाओं को राज्य भवन में महामहिम के द्वारा सम्मानित किया गया है ।
यह सम्मान अन्य सभी महिलाओं में अलग जगाने का कार्य करेगा और वह भी आगामी दिनों में बेहतर उद्योगों को स्थापित कर अपना नाम न केवल राज्य स्तर पर बल्कि राष्ट्रीय स्तर पर भी स्थापित करने का प्रयास करेंगी।




