Sonbhadra news : मालगाड़ी की चपेट में आने से वृद्ध की मौत, रेलवे ट्रैक किनारे मिला शव
चोपन थाना क्षेत्र के मारकुंडी गांव में सोमवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब अवई टोले के समीप रेलवे लाइन के किनारे एक वृद्ध का शव पड़ा मिला।

sonbhadra
8:54 AM, August 24, 2026
राकेश चौबे
मारकुंडी, सोनभद्र। चोपन थाना क्षेत्र के मारकुंडी गांव में सोमवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब अवई टोले के समीप रेलवे लाइन के किनारे एक वृद्ध का शव पड़ा मिला। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव की पहचान कराने के बाद आवश्यक कार्रवाई शुरू की।
मृतक की पहचान राम स्नेही यादव (75) पुत्र स्व. बच्चन यादव, निवासी मारकुंडी के रूप में हुई। बताया गया कि वह मानसिक रूप से अस्वस्थ चल रहे थे और रविवार की रात घर से निकल गए थे। सुबह रेलवे ट्रैक के पास उनका शव मिलने के बाद परिजनों को घटना की जानकारी हुई।
स्थानीय लोगों ने आशंका जताई कि रात के समय किसी मालगाड़ी की चपेट में आने से वृद्ध की जान गई होगी। हालांकि मौत की वास्तविक वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।
घटना की सूचना पर डायल-112 की टीम और गुरमा चौकी प्रभारी श्रीप्रकाश मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण करने के बाद शव को कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए मेडिकल कॉलेज भेज दिया। वृद्ध की मौत की खबर से परिवार में मातम पसरा हुआ है।




