Sonbhadra News : तेल लदा टैंकर पलटा, सड़कों पर तेल भरने की मची होड़, ग्रामीण डिब्बे लेकर सड़कों पर उतरे
मुर्धवा-बीजपुर मार्ग पर मंगलवार की भोर में एक तेल लदा टैंकर पलट गया टैंकर पलटने की सूचना मिलते ही आसपास के गांव से बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंचकर डिब्बों में तेल भरने में जुट गए ।

sonbhadra
3:51 PM, August 6, 2024
मनोज बर्मा (संवाददाता)
रेणुकूट (सोनभद्र) । पिपरी थाना क्षेत्र के मुर्धवा-बीजपुर मार्ग पर मंगलवार की भोर में एक तेल लदा टैंकर पलट गया टैंकर पलटने की सूचना मिलते ही आसपास के गांव से बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंचकर डिब्बों में तेल भरने में जुट गए। टैंकर से गिरा सैकड़ो लीटर तेल ग्रामीण डिब्बों में भरकर ले गए। मंगलवार की भोर में लगभग 4 बजे एक टैंकर उड़ीसा से चावल का तेल लेकर फतेहपुर जा रहा था। ट्रक चालक मनदीप उम्र 24 वर्ष पुत्र सतपाल निवासी पंजाब ने बताया कि भोर में उसे हल्की झपकी आ गई जिसकी वजह से यह हादसा हो गया। हादसे की सूचना मिलने पर चौकी पुलिस ने घायल को हिंडाल्को अस्पताल पहुंचाया जहां उसका इलाज चल रहा है। इधर टैंकर पलटने ही उसमें लदा हुआ चावल का तेल गिरने लगा ट्रक चालक ने बताया कि वह चावल के छोटे दानों से बना हुआ तेल लेकर उड़ीसा से फतेहपुर जा रहा था इस दौरान वह हादसे का शिकार हो गया। टैंकर पलटने की खबर फैलते ही बड़ी संख्या में रनटोला, किरवानी, खैराही, कटौली, कटौन्धी, मझौली, कुसमहा आदि गांवों के ग्रामीण मौके पर पहुंच गए और डिब्बा,बाल्टी गैलन आदि बर्तनों में भर कर तेल ले गए। ग्रामीणों ने बताया कि यह महुआ के फल डोरी का तेल है जो खाने के काम आता है वही ट्रक ड्राइवर ने कहा कि यह चावल का तेल है इसे रिफाइन करके किसी कार्य में उपयोग में लाया जाता है। महुआ के फल का तेल का उपयोग ग्रामीण खाने में करते हैं। महुआ के फल का तेल का टैंकर पलटने की खबर मिलते ही सैकड़ो ग्रामीण मौके पर पहुंचे और जिसे जो भी बर्तन मिला वह लेकर आया और भर कर ले गया हादसे की सूचना पुलिस ने वाहन मालिक को दे दी है।




