Sonbhadra news : आशीर्वाद के दीयों से जगमगाया ओबरा ताप विद्युत गृह परिसर
ओबरा ताप विद्युत गृह परिसर में गुरुवार शाम ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम के तहत सैकड़ों दीप प्रज्वलित कर परिसर को रोशनी से सजा दिया गया।

sonbhadra
11:43 AM, September 18, 2026
घनश्याम पांडे (संवाददाता)
-- प्रमुख भवनों और कार्यालयों में रोशन हुए दीप, सेवा-भाव और सकारात्मकता का दिया संदेश
ओबरा, सोनभद्र। ओबरा ताप विद्युत गृह परिसर में गुरुवार शाम ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम के तहत सैकड़ों दीप प्रज्वलित कर परिसर को रोशनी से सजा दिया गया। दीपों की आकर्षक रोशनी से प्रशासनिक भवन सहित विद्युत गृह के प्रमुख परिसर जगमगा उठे और वातावरण में उत्साह व सकारात्मकता का संचार हुआ।
भारत सरकार एवं उत्तर प्रदेश शासन के दिशा-निर्देशों तथा निगम मुख्यालय के निर्देशों के क्रम में आयोजित कार्यक्रम का नेतृत्व मुख्य महाप्रबंधक इं. दूधनाथ ने किया। शाम सात बजे आयोजित कार्यक्रम में अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने उत्साह के साथ सहभागिता करते हुए विभिन्न स्थानों पर दीप प्रज्वलित किए।
इस दौरान प्रशासनिक भवन, वीआईपी गेस्ट हाउस, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, श्रमिक सुविधा केंद्र, टीटीआई सहित अन्य प्रमुख परिसरों को दीपों से सजाया गया। रोशनी से नहाए परिसर की छटा देखते ही बन रही थी।
कार्यक्रम के माध्यम से सेवा-भाव, सद्भाव, स्वच्छता, सकारात्मक सोच और सामूहिक सहभागिता का संदेश दिया गया। अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने सामाजिक सरोकारों के प्रति प्रतिबद्धता जताते हुए स्वच्छ, सुरक्षित और सकारात्मक कार्य वातावरण को बढ़ावा देने का संकल्प भी व्यक्त किया।
‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम ने ओबरा ताप विद्युत गृह परिसर में सामूहिक एकता और सकारात्मक ऊर्जा का माहौल बनाया। अधिकारियों के अनुसार विद्युत उत्पादन के दायित्व के साथ संस्थान स्वच्छता, सुरक्षा, पर्यावरण संरक्षण, सामाजिक उत्तरदायित्व और बेहतर कार्य-संस्कृति के प्रति भी निरंतर प्रयासरत है।




