ओबरा (सोनभद्र) । प्रभारी निरीक्षक सदानंद राय के नेतृत्व में पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए पुरानी पुलिस लाइन, नई बस्ती ओबरा के पास घेराबंदी कर बेचू उर्फ विधायक मल्लाह, कोमल तथा सामू उर्फ बाहुबली को गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार चोपन रोड स्थित तिवारी भवन निवासी राजेश कुमार तिवारी ने अपने बंद पड़े मकान में अज्ञात चोरों द्वारा नगदी, सोने के आभूषण और अन्य सामान चोरी किए जाने की शिकायत दर्ज कराई थी। प्रारंभिक जांच में मामला सही पाए जाने पर थाना ओबरा में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई। पूछताछ में तीनों आरोपियों ने कथित रूप से स्वीकार किया कि 8 जुलाई की दोपहर उन्होंने रेलवे लाइन की ओर से मकान में प्रवेश कर चोरी की वारदात को अंजाम दिया था। पुलिस के मुताबिक आरोपियों ने बताया कि चोरी के बाद सोने की चेन, कान की बाली और नाक की कील सामू उर्फ बाहुबली अपने साथ ले गया था, जिसे उसने एक अज्ञात व्यक्ति को बेच दिया। पुलिस का कहना है कि बरामद ₹31 हजार उसी बिक्री से प्राप्त धनराशि का हिस्सा है। इसके आधार पर मुकदमे में एक अन्य धारा भी बढ़ाई गई है। बरामद नकदी में बेचू उर्फ विधायक मल्लाह और कोमल से ₹3-3 हजार तथा सामू उर्फ बाहुबली से ₹25 हजार बरामद किए गए। पुलिस ने बताया कि मामले की विवेचना एवं अन्य आवश्यक विधिक कार्रवाई जारी है।