Sonbhadra News : प्रदूषण नियंत्रण को लेकर ओबरा नगर पंचायत की पहल तेज
जिला प्रशासन के निर्देश के बाद नगर पंचायत द्वारा सड़कों पर नियमित रूप से पानी का छिड़काव कराया जा रहा है, जिससे लोगों को धूल से राहत मिल रही है।

sonbhadra
5:08 PM, May 22, 2026
घनश्याम पांडेय (संवाददाता)
ओबरा (सोनभद्र)। औद्योगिक क्षेत्र ओबरा सहित आसपास के इलाकों में बढ़ते वायु प्रदूषण और उड़ती धूल पर नियंत्रण के लिए नगर पंचायत प्रशासन ने विशेष अभियान शुरू किया है। जिला प्रशासन के निर्देश के बाद नगर पंचायत द्वारा सड़कों पर नियमित रूप से पानी का छिड़काव कराया जा रहा है, जिससे लोगों को धूल से राहत मिल रही है।
नगर पंचायत के अधिशासी अधिकारी अखिलेश सिंह के नेतृत्व में आधुनिक वॉटर स्प्रिंकलर मशीन के माध्यम से नगर के प्रमुख मार्गों, चौराहों और अधिक धूल वाले क्षेत्रों में पानी का छिड़काव किया जा रहा है। अभियान का उद्देश्य हवा में फैलने वाले धूलकणों को नियंत्रित कर वातावरण को स्वच्छ बनाना है।
स्थानीय लोगों और दुकानदारों का कहना है कि नियमित छिड़काव से सड़कों पर उड़ने वाली धूल में कमी आई है, जिससे आने-जाने में राहत महसूस हो रही है। नगर पंचायत प्रशासन का कहना है कि प्रदूषण नियंत्रण को लेकर यह अभियान लगातार जारी रहेगा और आवश्यकता के अनुसार अन्य क्षेत्रों में भी पानी का छिड़काव कराया जाएगा।




