Sonbhadra News : एनएसयूआई ने 'वोट चोरी' को लेकर किया विरोध प्रदर्शन
आज NSUI कार्यकर्ताओं ने जिलाध्यक्ष अंशु गुप्ता के नेतृत्व में कलेक्ट्रेट में प्रदर्शन कर भारतीय जनता पार्टी और निर्वाचन आयोग पर 'वोट चोरी' और 'लोकतंत्र को कमजोर करने' की साजिश रचने का आरोप लगाया....

जिलाधिकारी कार्यालय में ज्ञापन सौंपते NSUI के कार्यकर्तागण..
sonbhadra
10:56 PM, August 12, 2025
आनन्द कुमार चौबे (संवाददाता)
सोनभद्र । आज NSUI कार्यकर्ताओं ने जिलाध्यक्ष अंशु गुप्ता के नेतृत्व में कलेक्ट्रेट में प्रदर्शन कर भारतीय जनता पार्टी और निर्वाचन आयोग पर 'वोट चोरी' और 'लोकतंत्र को कमजोर करने' की साजिश रचने का आरोप लगाया।
इस दौरान NSUI प्रदेश सचिव गणेश विश्कर्मा ने बताया कि "ये लड़ाई सिर्फ एक वोट की नहीं, बल्कि उस विश्वास की है जिस पर लोकतंत्र टिका है। अगर मोदी सरकार हमारे वोट देने का अधिकार छीनने पर उतर आई है, तो चुप रहना गुनाह होगा। जब लड़ाई देश के वजूद की हो, तो सड़कों पर उतरना जिम्मेदारी बन जाती है। क्योंकि अगर वोट ही चोरी होता रहा, तो लोकतंत्र और संविधान दोनों खत्म हो जाएंगे।"
जिलाध्यक्ष अंशु गुप्ता ने बताया कि "चुनाव आयोग खुलकर भाजपा की वोट चोरी में मदद कर रहा है और अब इसका पूरा नाम इलेक्शन्स कम्प्रोमाइज्ड हो गया है। उन्होंने चुनाव आयोग पर सच छुपाने, भाजपा को बचाने, संविधान को कमजोर करने और जनता के जनादेश के साथ विश्वासघात करने का आरोप लगाया। उन्होंने चुनाव आयोग पर सवाल उठाते हुए कहा कि आखिर चुनाव आयोग की वेबसाइट से डिजिटल मतदाता सूची क्यों हटा दी गई? वह डिजिटल वोटर रोल क्यों नहीं साझा कर सकता? आखिरकार सच सामने आ ही जायेगा।"




