Sonbhadra News : नपं अध्यक्ष फूलवंती ने विभिन्न छठ घाटों का किया निरीक्षण
भ्रमण के दौरान उन्होंने घाटों तक पहुंचने वाले संपर्क मार्गों की मरम्मत, संपूर्ण परिसर में विशेष स्वच्छता अभियान, कचरा निस्तारण, चूने व ब्लीचिंग पाउडर के छिड़काव तथा प्रकाश व्यवस्था की समीक्षा की।

sonbhadra
6:35 PM, November 11, 2026
एम शर्मा (संवाददाता)
डाला (सोनभद्र) । लोक आस्था के महापर्व छठ पूजा को सकुशल, स्वच्छ और भव्य वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से बुधवार को नगर पंचायत अध्यक्ष फूलवंती कुमारी ने नगर क्षेत्र के विभिन्न वार्डों में स्थित प्रमुख छठ घाटों का स्थलीय निरीक्षण कर तैयारियों की जमीनी हकीकत परखी।
निरीक्षण के क्रम में अध्यक्ष फूलवंती कुमारी ने वार्ड संख्या 06 स्थित कुड़हनाला छठ घाट, वार्ड संख्या 02 स्थित हनुमान मंदिर छठ घा, वार्ड संख्या 04 स्थित चंद्र नगर छठ घाट, वार्ड संख्या 01 स्थित काली मंदिर छठ घाट तथा वार्ड संख्या 10 स्थित कोल बस्ती छठ घाट समेत नगर पंचायत अंतर्गत आने वाले सभी छोटे-बड़े घाटों का मुआयना किया।
भ्रमण के दौरान उन्होंने घाटों तक पहुंचने वाले संपर्क मार्गों की मरम्मत, संपूर्ण परिसर में विशेष स्वच्छता अभियान, कचरा निस्तारण, चूने व ब्लीचिंग पाउडर के छिड़काव तथा पर्याप्त प्रकाश (लाइटिंग) व्यवस्था की समीक्षा की। उन्होंने मौके पर मौजूद कर्मचारियों को निर्देशित किया कि अर्घ्य देने आने वाले छठ व्रतियों व श्रद्धालुओं को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो। गहरे पानी वाले संवेदनशील स्थलों पर मजबूत बैरिकेडिंग और सांकेतिक लाल झंडी/फीता लगाने के साथ-साथ महिलाओं के लिए अस्थायी चेंजिंग रूम (वस्त्र बदलने का कक्ष) की व्यवस्था समय से पहले पूर्ण करने के निर्देश दिए।
इस निरीक्षण के दौरान सभासद नितेश निषाद,अवनीश,सभासद प्रतिनिधि डॉ. सुरेश निषाद, राजेश सहित नगर पंचायत के संबंधित कर्मचारी और स्थानीय गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।




