सोनभद्र । रोडवेज बसों को गांवों से जोड़ने की कवायद प्रारंभ हो गई है। उन गावों को सुविधा से जोड़ा जाएगा, जहां अभी तक आवागमन के लिए निजी या रोडवेज बस सेवा नहीं है। शहर में दिन-रात रोडवेज बसों का संचालन हो रहा है, लेकिन मुख्यालयों, तहसील क्षेत्रों के आसपास बसे गांवों में सुविधा अधर में पड़ी है। इसको लेकर उत्तर प्रदेश सड़क राज्य परिवहन निगम ने मुख्यमंत्री जनता सेवा लागू की है। इसके माध्यम से ग्रामीण अंचल के मार्गों पर बसों का संचालन होगा। जिससे ग्रामीण यात्रियों को उनके दरवाजे के बाहर परिवहन की सुविधा मिल सके। प्रतिदिन अपने फेरे लगाने के बाद अंतिम टर्म में गांवों में रोडवेज बस रात्रि में ठहरेगी, जो सुबह सवारियां लेकर मुख्यालय की ओर चलेगी। यह सेवा उन लोगों के लिए वरदान साबित होगी, जिन्हें अब तक गांव से शहर तक पहुंचने के लिए प्राइवेट वाहनों या डग्गामार वाहनों के सहारे जोखिम भरा सफर करने को मजबूर होना पड़ता था। जनता बस सेवा के शुरू होने से न सिर्फ ग्रामीणों की आवाजाही आसान होगी, बल्कि कम किराया होने से उनका आर्थिक बोझ भी कम होगा। गुरूवार से जनता सेवा बस का संचालन शुरू कर दिया गया और पहली बस यात्रियों को लेकर मांची के लिए रवाना हुई।