Sonbhadra News : जर्जर सड़कों पर अब दौड़ेगा विकास का पहिया, 166.92 करोड़ का बजट जारी
विकास की दौड़ में लंबे समय से बेहतर सड़क कनेक्टिविटी की चुनौती झेल रहे सोनभद्र के लिए अब तस्वीर बदलने की उम्मीद जगी है।

sonbhadra
5:03 PM, September 11, 2026
आनन्द कुमार चौबे (संवाददाता)
सोनभद्र । विकास की दौड़ में लंबे समय से बेहतर सड़क कनेक्टिविटी की चुनौती झेल रहे सोनभद्र के लिए अब तस्वीर बदलने की उम्मीद जगी है। औद्योगिक संभावनाओं से भरपूर इस जिले में यदि सड़कें ही कमजोर रहें तो निवेश की रफ्तार आखिर कैसे बढ़े? इसी सवाल के बीच शासन ने सोनांचल की चार प्रमुख सड़कों के चौड़ीकरण एवं सुदृढ़ीकरण के लिए 166.92 करोड़ रुपये के प्रस्ताव को वित्तीय स्वीकृति देते हुए बजट जारी किए जाने की संस्तुति की है।
चार राज्यों की सीमा से घिरे जनपद में सड़कें केवल आवागमन का जरिया नहीं, बल्कि उद्योग और रोजगार की रीढ़ हैं। खराब सड़कें जहां आम आदमी के सफर को मुश्किल बनाती हैं, वहीं भारी वाहनों की आवाजाही और माल ढुलाई में समय एवं खर्च बढ़ाती हैं। अब प्रस्तावित परियोजनाओं के पूरा होने के बाद इसी कनेक्टिविटी को मजबूत करने का दावा किया जा रहा है।
जिलाधिकारी चर्चित गौड़ के मुताबिक जिले की करीब 66.44 किलोमीटर सड़कों का चौड़ीकरण और सुदृढ़ीकरण कराया जाएगा। व्यय वित्त समिति की बैठक में परियोजनाओं से संबंधित प्रस्तावों को वित्तीय स्वीकृति दी गई है। अब टेंडर प्रक्रिया पूरी होने के बाद निर्माण कार्य शुरू कराया जाएगा।
सड़क सुधरी तो उद्योगों की भी बढ़ेगी रफ्तार -
बेहतर सड़क नेटवर्क का सबसे बड़ा फायदा जिले के औद्योगिक क्षेत्र को मिलने की उम्मीद है। जिलाधिकारी ने बताया कि सड़कें बेहतर होने से कच्चे माल और तैयार उत्पादों की ढुलाई का समय तथा लॉजिस्टिक्स लागत कम होगी। यानी उद्योगों के लिए सोनभद्र तक पहुंचना और यहां से उत्पाद दूसरे बाजारों तक पहुंचाना आसान होगा।
वहीं आम लोगों के लिए भी लंबी और थकाऊ यात्रा से राहत की उम्मीद है। बेहतर सड़कें आवागमन को सुगम बनाने के साथ मार्गों पर दुर्घटनाओं में कमी लाने में भी सहायक हो सकती हैं।




