Sonbhadra News : अब पुलिस, खनन व वन विभाग संयुक्त रूप रोकेंगे वन क्षेत्रों से अवैध खनन व पेड़ कटान
जिलाधिकारी बी0एन0 सिंह व पुलिस अधीक्षक अशोक कुमार मीणा ने आज कलेक्ट्रेट सभागार में खनन विभाग, परिवहन विभाग व पुलिस विभाग के अधिकारियों के साथ बैठक की...

खनन विभाग, परिवहन विभाग व पुलिस विभाग के अधिकारियों के साथ बैठक करते डीएम बी0एन0सिंह, एसपी अशोक कुमार मीणा....
sonbhadra
8:03 PM, May 9, 2025
आनन्द कुमार चौबे (संवाददाता)
• बिना माईन टैग लगे वाहन व एम0एम0-11 का न होने पाये उल्लंघन - डीएम
• अवैध खनन, अवैध परिवहन एवं अवैध भण्डारण के खिलाफ की जाये प्रभावी कार्यवाही - डीएम
• क्रेशर संचालक व खनन पट्टा धारक अपने क्षेत्रों में अनिवार्य रूप से लगवायें साईनिज बोर्ड - डीएम
सोनभद्र । जिलाधिकारी बी0एन0 सिंह व पुलिस अधीक्षक अशोक कुमार मीणा ने आज कलेक्ट्रेट सभागार में खनन विभाग, परिवहन विभाग व पुलिस विभाग के अधिकारियों के साथ बैठक की।
बैठक के दौरान डीएम बी0एन0 सिंह ने उपस्थित अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि अवैध खनन, अवैध परिवहन व अवैध भण्डारण के खिलाफ शासन की मंशा के अनुरूप प्रभावी कार्यवाही सुनिश्चित की जाये। बैठक के दौरान यह तथ्य संज्ञान में आया कि म्योरपुर में लगे चेकगेट का संचालन ठीक ढंग से नहीं हो रहा है, जिस पर जिलाधिकारी ने एम चेक गेट के संचालक से स्पष्टीकरण जारी करने के निर्देश देते हुए कहा कि भविष्य में इस तरह की पुनरावृत्ति पायी गयी तो सम्बन्धित के खिलाफ प्रभावी कार्यवाही की जायेगी।
इस दौरान उन्होंने कहा शिल्पी घोरावल मार्ग से अवैध ओवरलोडिंग व अवैध परिवहन की शिकायतें प्राप्त हो रही है, सम्बन्धित थानाध्यक्ष, एआरटीओ व खनन विभाग की टीम संयुक्त रूप से ओवरलोडिंग पर प्रतिबन्ध लगाने हेतु प्रभावी कार्यवाही सुनिश्चित करें। बैठक के दौरान जिलाधिकारी बी0एन0 सिंह ने कहा कि वन क्षेत्र में भी अवैध खनन व अवैध पेड़ों की कटाई से सम्बन्धित शिकायतें प्राप्त हो रहे हैं। वन विभाग, पुलिस विभाग तथा खनन विभाग की टीम संयुक्त रूप से प्रभावी कार्यवाही सुनिश्चित करें, इसमें किसी प्रकार की शिथिलता न बरती जायें।




