Sonbhadra News : अब सरकारी अस्पतालों में अग्निशमन व्यवस्था होगी हाईटेक, डीएम ने शुरू कराया फायर सेफ्टी अभियान
देश के विभिन्न राज्यों में अस्पतालों में लगातार सामने आ रही आगजनी की घटनाओं के बाद जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क हो गया है। मरीजों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए जिलाधिकारी चर्चित गौड़ ने...

अग्निशमन सुरक्षा के संबंध में समीक्षा बैठक करते डीएम चर्चित गोंड....
sonbhadra
8:11 PM, July 4, 2026
आनन्द कुमार चौबे (संवाददाता)
सोनभद्र । देश के विभिन्न राज्यों में अस्पतालों में लगातार सामने आ रही आगजनी की घटनाओं के बाद जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क हो गया है। मरीजों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए जिलाधिकारी चर्चित गौड़ ने सरकारी अस्पतालों में अग्निशमन व्यवस्थाओं को और अधिक सुदृढ़ बनाने की कवायद शुरू कर दी है। इसी क्रम में जिलाधिकारी की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में अस्पतालों की फायर सेफ्टी व्यवस्था की विस्तृत समीक्षा की गई और अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
बैठक में जिलाधिकारी ने कहा कि अस्पताल ऐसे संवेदनशील संस्थान हैं, जहां किसी भी प्रकार की अग्नि दुर्घटना गंभीर जनहानि का कारण बन सकती है। इसलिए सभी सरकारी चिकित्सालयों में अग्निशमन उपकरणों की पर्याप्त उपलब्धता, उनकी कार्यशीलता और नियमित जांच हर हाल में सुनिश्चित की जाए। जहां भी कमियां हैं, वहां तत्काल आवश्यक उपकरण स्थापित कर व्यवस्थाओं को दुरुस्त किया जाए।
उन्होंने निर्देश दिए कि अस्पतालों में अग्निशमन सुरक्षा से जुड़े सभी मानकों का शत-प्रतिशत पालन कराया जाए। इसके साथ ही समय-समय पर मॉक ड्रिल आयोजित कर डॉक्टरों, स्वास्थ्यकर्मियों एवं कर्मचारियों को आपदा प्रबंधन के प्रति प्रशिक्षित किया जाए, ताकि किसी भी आपात स्थिति में त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई की जा सके।
जिलाधिकारी ने अस्पतालों में विद्युत सुरक्षा पर विशेष ध्यान देने, वायरिंग एवं विद्युत उपकरणों की नियमित जांच कराने तथा आपातकालीन निकासी मार्ग (इमरजेंसी एग्जिट) को हर समय सुचारु एवं अवरोधमुक्त रखने के निर्देश भी दिए। उन्होंने कहा कि सुरक्षा मानकों से किसी भी प्रकार का समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा।
जिलाधिकारी ने बताया कि हाल के दिनों में देश के विभिन्न हिस्सों में अस्पतालों में आग लगने की घटनाओं ने स्वास्थ्य संस्थानों की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े किए हैं। ऐसे में सोनभद्र में सरकारी अस्पतालों के साथ-साथ निजी अस्पतालों की अग्निशमन व्यवस्थाओं को भी सुदृढ़ करने की दिशा में प्रशासन गंभीरता से कार्य कर रहा है, ताकि भविष्य में किसी भी अप्रिय घटना से बचा जा सके।
बैठक में मुख्य अग्निशमन अधिकारी श्रीराम साहनी, प्रभारी अधिकारी करन सिंह यादव, मेडिकल कॉलेज के प्रधानाचार्य डॉ0 आनन्द कुमार, एसीएमओ डॉ0 गुलाब शंकर यादव सहित स्वास्थ्य एवं अग्निशमन विभाग के अन्य अधिकारी मौजूद रहे।




