Sonbhadra News : अब नपा बेचेगा डीजल-पेट्रोल, सदर विधायक ने किया पेट्रोल पम्प उद्घाटन
जिले की एकमात्र नगर पालिका परिषद सोनभद्र अपनी आय बढ़ाने के लिए अब पेट्रोल पंप का भी संचालन करेगा। वाराणसी-शक्तिनगर स्टेट हाईवे पर एआरटीओ कार्यालय के ठीक बगल नगर पालिका की खाली जमीन थी। इसी पर इंडियल...

पेट्रोल पम्प के उद्घाटन के अवसर पर सदर विधायक, नपा अध्यक्ष व अन्य
sonbhadra
10:12 PM, December 12, 2024
आनन्द कुमार चौबे (संवाददाता)
सोनभद्र । जिले की एकमात्र नगर पालिका परिषद सोनभद्र अपनी आय बढ़ाने के लिए अब पेट्रोल पंप का भी संचालन करेगा। वाराणसी-शक्तिनगर स्टेट हाईवे पर एआरटीओ कार्यालय के ठीक बगल नगर पालिका की खाली जमीन थी। इसी पर इंडियल आयल कॉरपोरेशन की ओर से स्थापित पेट्रोल पंप का गुरुवार को सदर विधायक भूपेश चौबे ने फीता काटकर उद्घाटन किया। फिलहाल यहां पेट्रोल-डीजल की बिक्री होगी, जल्द ही सीएनजी की सुविधा भी उपलब्ध होगी।
पेट्रोल पम्प का संचालन करने वाली पहली निकाय बनी नगर पालिका सोनभद्र -
सोनभद्र प्रदेश की पहली नगर पालिका है, जो अपने पेट्रोल पंप का संचालन करेगी। इससे निकाय की आमदनी बढ़ने के साथ ही विकास के मार्ग भी खुलेंगे। आर्थिक तंगी से जूझ रहे नगर पालिका बोर्ड ने पिछले वर्ष पेट्रोल पंप खोलने की सहमति दी थी। इसके बाद वाराणसी-शक्तिनगर मार्ग पर लोढ़ी महाल में जगह चिह्नित कर पेट्रोल पंप के निर्माण की शुरुआत हुई। अब यह बनकर तैयार हुआ है। फिलहाल यहां पेट्रोल-डीजल की बिक्री होगी, जल्द ही सीएनजी की सुविधा भी उपलब्ध होगी।
पेट्रोल पम्प से होने वाली आय से होगा नगर का विकास - भूपेश चौबे
कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि विधायक भूपेश चौबे ने इस उपलब्धि के लिए नगर पालिका अध्यक्ष रूबी प्रसाद के प्रयासों को सराहा साथ ही प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और पेट्रोलियम मंत्री हरदीप पुरी समेत इंडियन ऑयल के अधिकारियों का धन्यवाद दिया। उन्होंने कहा कि इसे नवाचार के रूप में शुरू किया गया है। इस तरह से नगर पंचायत, नगर पालिका समेत तमाम सरकारी विभाग भी अपनी आय बढ़ाने के लिए साधनों का प्रयोग कर सकते हैं। यह प्रदेश में किसी भी नगर पालिका द्वारा संचालित पहला सार्वजनिक पेट्रोल पंप है, इससे नगर पालिका की आय बढ़ेगी। वहीं पेट्रोल पंप से होने वाली आय से नगर के विकास में मदद मिलेगी।




