Sonbhadra News : परिषदीय विद्यालयों में अब नहीं चलेगी मनमानी, तीसरी आंख रखेगी हर गतिविधि पर नजर
परिषदीय विद्यालयों में लगातार सामने आ रही शिकायतों को लेकर जिलाधिकारी चर्चित गौड़ ने अब निगरानी का तरीका ही बदलने की पहल की है।

sonbhadra
5:07 PM, September 11, 2026
आनन्द कुमार चौबे (संवाददाता)
सोनभद्र। परिषदीय विद्यालयों में लगातार सामने आ रही शिकायतों को लेकर जिलाधिकारी चर्चित गौड़ ने अब निगरानी का तरीका ही बदलने की पहल की है। विद्यालयी व्यवस्थाओं में पारदर्शिता और जवाबदेही बढ़ाने के लिए जिले के सभी कंपोजिट विद्यालयों को तीसरी आंख यानी सीसीटीवी कैमरों की निगरानी में लाने की कवायद शुरू कर दी गई है। प्रशासन की इस पहल के बाद अब स्कूलों में क्या हो रहा है, कौन समय से पहुंच रहा है और व्यवस्थाएं किस तरह संचालित हो रही हैं, इस पर तकनीक की नजर रहेगी।
जिलाधिकारी की पहल पर बेसिक शिक्षा विभाग द्वारा कंपोजिट विद्यालयों में सीसीटीवी कैमरे लगाए जा रहे हैं। प्रथम चरण में कम्पोजिट विद्यालय कनच, पेढ़ एवं धुरकरी में कैमरे लगाए जा रहे हैं। आगे जिले के सभी कंपोजिट विद्यालयों को इस व्यवस्था से जोड़ने की दिशा में काम किया जाएगा।
सीसीटीवी कैमरों के जरिए विद्यालयों में होने वाली गतिविधियों की निगरानी की जाएगी। कक्षाओं में पठन-पाठन, शिक्षकों की उपस्थिति और समयबद्धता के साथ बच्चों की उपस्थिति तथा विद्यालय में अनुशासन की स्थिति पर भी नजर रखी जा सकेगी। इससे विद्यालयों में शैक्षणिक माहौल को बेहतर बनाने और व्यवस्थाओं में जवाबदेही बढ़ाने में मदद मिलने की उम्मीद है।
मिड-डे-मील से रसोई तक कैमरे की नजर -
सीसीटीवी की निगरानी सिर्फ पढ़ाई तक सीमित नहीं रहेगी। मिड-डे-मील की तैयारी और वितरण, भोजन की स्वच्छता, रसोईघर की साफ-सफाई और विद्यालय परिसर की व्यवस्था पर भी नजर रखी जा सकेगी। इसके अलावा विद्यालय में बाहरी लोगों के आवागमन और स्कूल की परिसंपत्तियों की सुरक्षा की निगरानी भी संभव होगी।
बच्चों की सुरक्षा पर रहेगा विशेष फोकस -
बच्चों के विद्यालय पहुंचने से लेकर छुट्टी होने तक परिसर में होने वाली गतिविधियों की निगरानी से सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करने का दावा किया जा रहा है। किसी आकस्मिक घटना या अव्यवस्था की स्थिति में सीसीटीवी फुटेज के जरिए वास्तविक स्थिति का पता लगाने और आवश्यक कार्रवाई करने में भी मदद मिलेगी।




