Sonbhadra News : ‘हादसा’ नहीं, हत्या की साजिश! ट्रक से रौंदकर की गई थी अधिवक्ता राजेश की हत्या, चालक गिरफ्तार
जिसे अब तक महज एक सड़क हादसा समझा जा रहा था, उसने पुलिस जांच में ऐसा खौफनाक मोड़ लिया कि हर कोई सन्न रह गया। घोरावल के खुटहा बाईपास पर अधिवक्ता राजेश यादव की मौत कोई हादसा नहीं, बल्कि बारीकी से......

sonbhadra
2:31 PM, April 17, 2026
आनन्द कुमार चौबे (संवाददाता)
सोनभद्र । जिसे अब तक महज एक सड़क हादसा समझा जा रहा था, उसने पुलिस जांच में ऐसा खौफनाक मोड़ लिया कि हर कोई सन्न रह गया। घोरावल के खुटहा बाईपास पर अधिवक्ता राजेश यादव की मौत कोई हादसा नहीं, बल्कि बारीकी से रची गई साजिशन हत्या निकली। ट्रक को हथियार बनाकर अंजाम दिए गए इस सनसनीखेज कत्ल में शामिल फरार चल रहे ट्रक चालक अभय पाल को पुलिस ने गिरफ्तार कर पूरे षड्यंत्र का पर्दाफाश कर दिया है।
पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा ने आज पुलिस लाइन सभागार में मामले का खुलासा करते हुए बताया कि अपर पुलिस अधीक्षक अनिल कुमार और क्षेत्राधिकारी घोरावल राहुल पांडेय की निगरानी में थाना घोरावल पुलिस ने गुरेठ मोड़ के पास चेकिंग के दौरान लंबे समय से फरार चल रहे ट्रक चालक अभय पाल (35वर्ष) को गिरफ्तार किया गया है।
सड़क हादसे के पीछे थी हत्या की प्लानिंग -
घटना 8 दिसंबर 2025 की है, जब घोरावल के खुटहा बाईपास पर ट्रक की टक्कर से अधिवक्ता राजेश यादव की मौत हो गई थी। शुरुआत में यह मामला दुर्घटना माना गया, लेकिन पुलिस की गहन विवेचना, तकनीकी साक्ष्यों और कॉल डिटेल के विश्लेषण से खुलासा हुआ कि यह एक सोची-समझी हत्या थी।
पुरानी रंजिश बनी हत्या की वजह -
जांच में सामने आया कि वर्ष 2023 में मंगल पाल के बेटे अनुराग पाल की अपहरण के बाद हत्या कर दी गई थी, जिसमें राजेश यादव मुख्य आरोपी था और जमानत पर बाहर था। इसी रंजिश में मंगल पाल ने राजेश यादव की हत्या की साजिश रची।
ऐसे रची गई पूरी प्लानिंग -
एसपी अभिषेक वर्मा ने बताया कि पूछताछ में गिरफ्तार अभियुक्त अभय पाल ने बताया कि मंगल पाल ने एक पुरानी ट्रक खरीदकर उसे अपने पास रखवाया और राजेश यादव की रोजमर्रा की गतिविधियों की जानकारी जुटाई। 8 दिसंबर को लोकेशन मिलने के बाद खुटहा बाईपास पर ट्रक से जानबूझकर टक्कर मारी गई और घटना को हादसे का रूप देने की कोशिश की गई। वारदात के बाद आरोपी बाइक से फरार हो गए। वहीं फरार अभियुक्त मंगल पाल पर 25 हजार रुपए का इनाम घोषित किया गया है और उसकी गिरफ्तारी के लिए विशेष टीम गठित की गई है।
पुलिस टीम को मिली बड़ी कामयाबी -
अभियुक्त की गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक घोरावल बृजेश कुमार सिंह, हे0का0 राज सिंह राणा, हे0का0 सर्वजीत यादव तथा हे0का0 रामनारायण यादव शामिल रहे।



