Sonbhadra News : नौकरी नहीं, पीढ़ियां बनाईं, 20 साल शिक्षा विभाग को देने वाले गुरुजी का विदाई समारोह बना प्रेरणा
विदाई समारोह में ऐसा लगा जैसे पूरा गांव अपने एक बड़े भाई को विदा करने आया हो। शारदा पटेल अपने कुशलता और मधुर व्यवहार के लिए जाने जाते थे।

sonbhadra
6:59 PM, October 6, 2026
रमेश यादव (संवाददाता)
दुद्धी (सोनभद्र) । प्राथमिक विद्यालय बावंझरिया के लिए मंगलवार का दिन बेहद अहम और भावुकता से भरा था।शिक्षा विभाग को अपने जीवन के अनमोल 20 वर्ष समर्पित करने वाले शिक्षामित्र शारदा पटेल आज सेवानिवृत्ति हो गए।
विदाई समारोह में ऐसा लगा जैसे पूरा गांव अपने एक बड़े भाई को विदा करने आया हो। शारदा पटेल अपने कुशलता और मधुर व्यवहार के लिए जाने जाते थे।
स्कूल के अध्यापकों ने बताया कि शारदा पटेल ने बिना किसी शिकायत के अपने दायित्व को निभाया है । कभी वेतन की चिंता नहीं की, कभी सुविधा की मांग नहीं की, बस एक ही ध्येय रहा- बच्चे पढ़ना चाहिए।
वक्ताओं ने कहा कि आज के समय में 20 साल तक शिक्षा जैसे कठिन क्षेत्र में ईमानदारी से टिके रहना ही सबसे बड़ा सम्मान है। शारदा पटेल ने विभाग को समय नहीं दिया, उन्होंने अपनी जवानी दी है। उन्होंने जो पौधे लगाए हैं, आज वो पेड़ बनकर समाज को छाया दे रहे हैं।
विद्यालय परिवार ने उन्हें अंगवस्त्र और स्मृति-चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया। इस दौरान कई पुराने विद्यार्थी और अभिभावक भी अपनी भावनाएं व्यक्त करते हुए भावुक हो उठे।
अपने संबोधन में शारदा पटेल ने कहा, "मैंने शिक्षा विभाग में 20 वर्ष बिताए हैं और यह मेरे जीवन की सबसे बड़ी पूंजी है। मैंने जो कुछ भी कमाया है, वो इन्हीं बच्चों का प्यार और आप सभी का सम्मान है। विभाग ने मुझे जो अवसर दिया, उसके लिए मैं सदैव आभारी रहूंगा।"
इस अवसर पर प्रधानाध्यापक मुसई राम, सहायक अध्यापक चंद्रेश मौर्य, अटेवा के ब्लॉक अध्यक्ष मनोज यादव, प्राथमिक शिक्षक संघ दुद्धी के ब्लॉक अध्यक्ष अनिल यादव, प्रधानाध्यापिका सुमन, परवेज़ अहमद, सरिया सिंह सहित अशोक, मुकेश, जयराम, सोनू पनिका, उर्मिला देवी, पुष्पा, रेखा, सरिता, पूजा, वैष्णवी देवी, उमावती, रामचंद्र सहित बड़ी संख्या में अभिभावक और छात्र उपस्थित रहे।




