नवागत पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा ने बताया कि आगामी त्योहार को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने हेतु जनपद में पुलिस बल की प्रभावी तैनाती, संवेदनशील स्थलों पर विशेष निगरानी तथा इंटेलिजेंस नेटवर्क को सक्रिय किया गया है। उन्होंने यह भी बताया कि आम नागरिकों की समस्याओं एवं शिकायतों का समयबद्ध और निष्पक्ष समाधान पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसके लिए थाना स्तर से लेकर जिला स्तर तक सभी पुलिस अधिकारियों को भी निर्देशित किया गया। महिला सुरक्षा के संबंध में उन्होंने कहा कि पिंक पेट्रोलिंग, महिला हेल्प डेस्क, एंटी रोमियो स्क्वॉड को और अधिक सक्रिय किया गया है,जिससे महिलाओं एवं बालिकाओं को सुरक्षित माहौल उपलब्ध कराया जा सके। साइबर अपराधों की बढ़ती घटनाओं को दृष्टिगत रखते हुए जनपद में साइबर सेल को सुदृढ़ करने एवं साइबर जागरूकता अभियान भी चलाया जायेगा ताकि लोग ऑनलाइन फ्रॉड से सतर्क रहें साथ ही, पशु तस्करी जैसी अवैध गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण हेतु अंतरजनपदीय सीमाओं पर विशेष चेकिंग अभियान चलाया जाएगा और दोषियों के विरुद्ध कठोर वैधानिक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। उन्होंने सभी थानों पर जमे कारखासों पर को सख्त संदेश देते हुए कहा कि वह जिले के सभी थानों पर जमें ऐसे पुलिसकर्मियों को चिन्हित कर सख्त एक्शन लेंगे।