Sonbhadra news : हिंडालको आवासीय परिसर में नवविवाहिता ने फांसी लगाकर दी जान, जांच में जुटी पुलिस
पिपरी थाना क्षेत्र की स्थानीय पुलिस चौकी अंतर्गत हिंडालको आवासीय परिसर में शुक्रवार को एक 20 वर्षीय नवविवाहिता ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली।


Office Address :सोनभद्र, उत्तरप्रदेश (231216)
Chief Editer :Shantanu Kumar Biswas
Contact Us :+91 9415873885

Janpad Mirror
मनोज वर्मा (संवाददाता)
रेणुकूट सोनभद्र। पिपरी थाना क्षेत्र की स्थानीय पुलिस चौकी अंतर्गत हिंडालको आवासीय परिसर में शुक्रवार को एक 20 वर्षीय नवविवाहिता ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना की सूचना मिलते ही क्षेत्र में सनसनी फैल गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मौके का निरीक्षण किया तथा फोरेंसिक टीम को बुलाकर जांच शुरू कर दी। पिपरी थाना प्रभारी राजेश चौबे ने बताया कि मृतका की पहचान स्वाति (20 वर्ष), पुत्री उदय भुईया के रूप में हुई है। प्रथम दृष्टया मामला फांसी लगाकर आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है। फोरेंसिक टीम की जांच के बाद ही शव को नीचे उतारकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा जाएगा। मृतका के पिता उदय भुईया ने बताया कि स्वाति का विवाह लगभग एक माह पूर्व 23 जून को पलामू जनपद में हुआ था। उसका पति महाराष्ट्र में रहकर नौकरी करता है। कुछ दिन पहले ही स्वाति अपने ससुराल से मायके आई थी। उन्होंने बताया कि गुरुवार को वह पत्नी और बेटी के साथ मतदाता पुनरीक्षण कार्य के सिलसिले में पलामू स्थित अपने पैतृक गांव गए थे और शाम को वापस लौट आए थे। परिवार के अनुसार उस समय सब कुछ सामान्य था। शुक्रवार सुबह करीब 11 बजे स्वाति की मां रीना देवी किसी काम से बाहर चली गईं, जबकि दोपहर लगभग 2:30 बजे पिता बी-शिफ्ट की ड्यूटी पर चले गए। शाम करीब 6 बजे जब रीना देवी घर लौटीं तो काफी देर तक दरवाजा खटखटाने के बावजूद अंदर से कोई जवाब नहीं मिला। संदेह होने पर उन्होंने खिड़की से झांककर देखा तो स्वाति कमरे के अंदर रस्सी के सहारे लटकी हुई थी। यह दृश्य देखकर वह बिलख पड़ीं। आसपास के लोगों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलते ही पिपरी थाना प्रभारी राजेश चौबे पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और फोरेंसिक टीम को बुलाया। पुलिस ने बताया कि मामले के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है तथा पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।