Sonbhadra News : 20 लाख के ज्वेलरी विवाद में नया ट्विस्ट! युवा नेता ने थाने में दी व्यवसाई के खिलाफ तहरीर, बोले- साजिश के तहत फंसाया जा रहा
रॉबर्ट्सगंज में चर्चित ज्वेलरी कारोबारी और एक उभरते युवा नेता के बीच विवाद अब नया मोड़ लेता दिख रहा है। जहां कुछ दिन पहले ज्वेलरी व्यवसायी द्वारा लाखों रुपये की धोखाधड़ी और धमकी का मुकदमा दर्ज......

AI जनरेटेड बैनर......
sonbhadra
9:18 PM, May 7, 2026
आनन्द कुमार चौबे (संवाददाता)
सोनभद्र। रॉबर्ट्सगंज में चर्चित ज्वेलरी कारोबारी और एक उभरते युवा नेता के बीच विवाद अब नया मोड़ लेता दिख रहा है। जहां कुछ दिन पहले ज्वेलरी व्यवसायी द्वारा लाखों रुपये की धोखाधड़ी और धमकी का मुकदमा दर्ज कराया गया था, वहीं आज उभरते युवा नेता और अपना दल जिला सचिव राकेश पटेल ने पूरे मामले को अपनी राजनीतिक और सामाजिक छवि धूमिल करने की साजिश करार देते हुए व्यवसाई के खिलाफ कोतवाली में तहरीर देकर कार्यवाही की मांग की है।
अपना दल के जिला सचिव राकेश पटेल ने दावा किया कि उसने खुद की शादी के लिए लाखों रुपये एडवांस देकर ज्वेलरी बुक कराई थी, लेकिन सोने के दाम बढ़ते ही ज्वेलर की नीयत बदल गई और उसने पैसे हड़पने के लिए झूठा मुकदमा दर्ज करा दिया।
राकेश पटेल ने कोतवाली में दिए तहरीर में आरोप लगाया कि उसके साले प्रदीप वर्मा और जनार्दन वर्मा की शादी क्रमशः 6 फरवरी और 8 फरवरी 2026 को तय थी। शादी में दुल्हनों को उपहार स्वरूप देने के लिए उसने रॉबर्ट्सगंज स्थित श्री साई ज्वेलर्स से लगभग 10 लाख 43 हजार रुपये के सोने के जेवरात बुक कराए थे। आरोप है कि मई 2025 में सोने का रेट करीब 72 हजार 990 रुपये प्रति 10 ग्राम होने पर उसने 4 लाख 50 हजार रुपये का चेक और करीब 4 लाख रुपये नगद अलग-अलग किश्तों में ज्वेलर आयुष केशरवानी को एडवांस के रूप में दिए थे।
उनका कहना है कि जनवरी 2026 तक सोने का भाव बढ़कर एक लाख रुपये प्रति 10 ग्राम से अधिक हो गया। इसी के बाद ज्वेलर की नीयत बदल गई और उसने बढ़े हुए रेट के हिसाब से अतिरिक्त रकम की मांग शुरू कर दी। जब अतिरिक्त भुगतान से इनकार किया गया, तो ज्वेलरी देने वालेसे भी मना कर दिया गया और एडवांस रकम लौटाने में भी टालमटोल शुरू हो गई।
युवा नेता ने आरोप लगाया कि बार-बार पैसा मांगने पर ज्वेलर ने उल्टा उसके खिलाफ झूठी कहानी गढ़ दी और 20 लाख 97 हजार 700 रुपये की ज्वेलरी उधार देने का दावा करते हुए रॉबर्ट्सगंज कोतवाली में मुकदमा दर्ज करा दिया। उन्होंने कहा कि जिस दिन बढ़ौली चौराहे पर गाली-गलौज और धमकी देने का आरोप लगाया गया है, उस दिन वह मौके पर मौजूद ही नहीं थे। वहां लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच कराई जाए तो सच्चाई सामने आ जाएगी। उन्होंने यह भी सवाल उठाया कि यदि वास्तव में 20 लाख रुपये से अधिक की ज्वेलरी बेची गई थी, तो उसका जीएसटी बिल, सीएसटी रिकॉर्ड और टैक्स भुगतान का विवरण सार्वजनिक क्यों नहीं किया जा रहा है। राकेश पटेल ने आरोप लगाया कि पैसे वापस न करने पड़ें, इसलिए उसे जेल भेजने और सामाजिक रूप से बदनाम करने की नीयत से यह मुकदमा दर्ज कराया गया है।




