Sonbhadra news :चोपन–मधुपुर के बीच नई एक्सप्रेस ट्रेन को हरी झंडी, दुद्धी स्टेशन को फिर मिला ठेंगा
रेलवे बोर्ड ने पलामू क्षेत्र को सीधे देवघर (बाबाधाम) से जोड़ने के लिए गाड़ी संख्या 13341/13342 चोपन–मधुपुर–चोपन नई एक्सप्रेस ट्रेन के संचालन को आधिकारिक मंजूरी दे दी है।

sonbhadra
6:58 AM, September 18, 2026
रमेश यादव (संवाददाता)
- दुद्धी नगर पंचायत अध्यक्ष बोले रेलवे बोर्ड को लिखेंगे पत्र, पुरानी तहसील एवं विधानसभा मुख्यालय होने के बाद भी ट्रेन का ठहराव नहीं देना चिंता का विषय
दुद्धी, सोनभद्र। रेलवे बोर्ड ने पलामू क्षेत्र को सीधे देवघर (बाबाधाम) से जोड़ने के लिए गाड़ी संख्या 13341/13342 चोपन–मधुपुर–चोपन नई एक्सप्रेस ट्रेन के संचालन को आधिकारिक मंजूरी दे दी है। रेलवे बोर्ड द्वारा इस संबंध में समय-सारणी और ठहराव का आधिकारिक पत्र जारी कर दिया गया है। लेकिन इस नई ट्रेन की शुरुआत के साथ ही स्थानीय रेल यात्रियों को एक बार फिर बड़ा झटका लगा है। तहसील मुख्यालय स्थित महत्वपूर्ण स्टेशन दुद्धी में इस ट्रेन का ठहराव नहीं दिया गया है, जिससे क्षेत्रीय जनता और दैनिक यात्रियों में गहरा रोष है। आधिकारिक पत्र के अनुसार, यह ट्रेन सप्ताह में तीन दिन चलाई जाएगी:गाड़ी संख्या 13341 (चोपन–मधुपुर एक्सप्रेस): प्रत्येक रविवार, सोमवार और बुधवार को चोपन से सुबह 10:40 बजे रवाना होकर उसी दिन रात 11:30 बजे मधुपुर पहुंचेगी।गाड़ी संख्या 13342 (मधुपुर–चोपन एक्सप्रेस): प्रत्येक सोमवार, मंगलवार और गुरुवार को मधुपुर से सुबह 04:00 बजे प्रस्थान कर शाम 05:00 बजे चोपन पहुंचेगी। रेलवे बोर्ड द्वारा स्वीकृत किए गए व्यावसायिक ठहराव में रेणुकूट, नगर उटारी, रमना, गढ़वा, गढ़वा रोड, डालटनगंज, बरवादीह, लातेहार, टोरी, खलारी, पतरातू, बरकाकाना, हजारीबाग टाउन, बरही, कोडरमा, महेशपुर, नवाडीह, धनवार, जमुआ और न्यू गिरिडीह शामिल हैं। इन तमाम स्टेशनों की सूची में दुद्धी का नाम गायब होने से क्षेत्र के लोगों में मायूसी है।
इस ट्रेन के परिचालन से धार्मिक और व्यावसायिक यात्रा तो आसान होगी पर दुद्धी स्टेशन की उपेक्षा लोगो के गले नहीं उतर रही हैं। ट्रेन के शुरू होने से पलामू और सोनभद्र क्षेत्र के श्रद्धालुओं को देवघर (मधुपुर) जाने के लिए सीधी और सुलभ रेल सेवा मिलेगी। साथ ही झारखंड के विभिन्न जिलों के बीच आवागमन भी आसान हो जाएगा। हालांकि, दुद्धी में स्टॉपेज न होने से स्थानीय व्यापारियों और आम जनता को इसका पूरा लाभ नहीं मिल सकेगा।
इस संबंध में दुद्धी नगर पंचायत अध्यक्ष कमलेश मोहन ने कहा कि भारत सरकार रेलवे की दिशा में बेहतर कार्य कर रही हैं। नई ट्रेन के संचालन में दुद्धी रेलवे स्टेशन को स्टापेज़ नहीं दिया जाना चिंता का विषय हैं। उन्होंने कहा कि दुद्धी में तहसील मुख्यालय, सिविल कोर्ट, डिग्री कॉलेज, आईटीआई कॉलेज एवं विधानसभा का मुख्यालय भी हैं इसलिए चोपन से मधुपुर नई ट्रेन का ठहराव की मांग को लेकर रेलवे बोर्ड को पत्र भेजा जायेगा।




