Sonbhadra News : मेडिकल कॉलेज में रातभर 'ब्लैक आउट' की खबर पर नवागत डीएम का एक्शन, निरीक्षण कर दी जिम्मेदारों को चेतावनी
बीती मध्य रात्रि से राजकीय मेडिकल कॉलेज लोढ़ी में बिजली गुल होने की खबरें मीडिया में सामने आते ही प्रशासन हरकत में आ गया। नवागत जिलाधिकारी चर्चित गौड़ ने मामले को गंभीरता से लेते हुए गुरुवार को......

AI जनरेटेड बैनर......
sonbhadra
5:52 PM, April 29, 2026
आनन्द कुमार चौबे (संवाददाता)
सोनभद्र । बीती मध्य रात्रि से राजकीय मेडिकल कॉलेज लोढ़ी में बिजली गुल होने की खबरें मीडिया में सामने आते ही प्रशासन हरकत में आ गया। नवागत जिलाधिकारी चर्चित गौड़ ने मामले को गंभीरता से लेते हुए गुरुवार को मेडिकल कॉलेज का औचक निरीक्षण किया और स्वास्थ्य सेवाओं के साथ विद्युत व्यवस्था पर सख्त निर्देश जारी किए। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने एल-1 एवं एल-2 अस्पतालों में भर्ती मरीजों की स्थिति, उपलब्ध सुविधाओं और उपचार व्यवस्था की गहन समीक्षा की। उन्होंने चिकित्सकों से विस्तृत जानकारी लेते हुए साफ कहा कि मरीजों के इलाज में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
स्वच्छता और बिजली व्यवस्था पर सख्त रुख -
डीएम ने मेडिकल कॉलेज परिसर में साफ-सफाई की व्यवस्था को और बेहतर बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि स्वच्छता में किसी प्रकार की ढिलाई स्वीकार नहीं होगी और नियमित निगरानी सुनिश्चित की जाए साथ ही अधिशासी अभियंता (विद्युत) को निर्देशित किया कि मेडिकल कॉलेज में निर्बाध बिजली आपूर्ति हर हाल में सुनिश्चित की जाए। उन्होंने चेतावनी दी कि विद्युत आपूर्ति में बाधा आने पर संबंधित अधिकारियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
अधिशासी अभियंता ने बताया कि मेडिकल कॉलेज के लिए नया फीडर तैयार कर लिया गया है, जिसे जल्द ही चालू किया जाएगा, जिससे बिजली समस्या का स्थायी समाधान हो सके।
स्टाफ की कमी पर भी उठे सवाल -
निरीक्षण के दौरान चिकित्सकों ने नर्सिंग स्टाफ और डॉक्टरों की कमी की समस्या जिलाधिकारी के सामने रखी। इस पर डीएम ने आश्वासन दिया कि उच्च स्तर पर पत्राचार कर जल्द ही आवश्यक कदम उठाए जाएंगे, ताकि स्टाफ की कमी दूर हो सके।
मरीजों से सीधा संवाद -
जिलाधिकारी ने पूजा यादव नामक मरीज के परिजन से मोबाइल पर बात कर ब्लड जांच रिपोर्ट समय से मिलने की जानकारी ली, जिस पर संतोषजनक जवाब मिला। इसके अलावा उन्होंने ऑक्सीजन प्लांट का भी निरीक्षण कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निःशुल्क और बेहतर इलाज के निर्देश -
डीएम ने कहा कि मेडिकल कॉलेज में आने वाले सभी मरीजों को शासन की मंशा के अनुरूप निःशुल्क और गुणवत्तापूर्ण इलाज मिलना चाहिए। किसी भी मरीज को अनावश्यक परेशानी नहीं होनी चाहिए।
ये रहे मौजूद -
इस दौरान मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ0 पंकज राय, प्रभारी प्राचार्य डॉ0 सुधीर, सीएमएस डॉ0 डी0के0 सिंह, डॉ0 अमृत राय, डॉ0 अवनीश शाह, डॉ. प्रशांत शुक्ला, अपर जिला सूचना अधिकारी विनय कुमार सिंह सहित अन्य चिकित्सक मौजूद रहे।



