Sonbhadra News : जनपद के शैडो एरिया में बजेगी नेटवर्क की घंटी, 26 नेटवर्क विहीन मतदेय स्थलों पर जल्द पहुंचेगा मोबाइल सिग्नल
पहाड़ों, जंगलों और दुर्गम भौगोलिक परिस्थितियों के कारण वर्षों से मोबाइल नेटवर्क की समस्या झेल रहे सोनभद्र के ग्रामीणों के लिए राहत भरी खबर है। जिले के शैडो एरिया और नेटवर्क विहीन गांवों को मोबाइल.....

नेटवर्क समस्या पर दूरसंचार कंपनियों के अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक करते डीएम चर्चित गोंड......
sonbhadra
7:54 PM, June 11, 2026
आनन्द कुमार चौबे (संवाददाता)
सोनभद्र । पहाड़ों, जंगलों और दुर्गम भौगोलिक परिस्थितियों के कारण वर्षों से मोबाइल नेटवर्क की समस्या झेल रहे सोनभद्र के ग्रामीणों के लिए राहत भरी खबर है। जिले के शैडो एरिया और नेटवर्क विहीन गांवों को मोबाइल कनेक्टिविटी से जोड़ने की दिशा में प्रशासन ने बड़ा कदम उठाया है। जिलाधिकारी चर्चित गौड़ ने गुरुवार को कलेक्ट्रेट सभागार में बीएसएनएल, एयरटेल, रिलायंस जियो सहित विभिन्न दूरसंचार कंपनियों के अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक कर नेटवर्क विस्तार की कार्ययोजना तैयार की।
बैठक में जिलाधिकारी ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि जनपद का कोई भी गांव, बस्ती अथवा मतदेय स्थल संचार सुविधाओं से वंचित नहीं रहना चाहिए। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में मोबाइल नेटवर्क केवल बातचीत का माध्यम नहीं, बल्कि शिक्षा, स्वास्थ्य, डिजिटल सेवाओं, आपदा प्रबंधन और सुरक्षा व्यवस्था की आधारशिला बन चुका है। ऐसे में दूरस्थ क्षेत्रों तक संचार सुविधाएं पहुंचाना प्रशासन की प्राथमिकता है।
समीक्षा के दौरान जानकारी दी गई कि जनपद में अभी भी 26 ऐसे मतदेय स्थल हैं जहां मोबाइल नेटवर्क उपलब्ध नहीं है। इस पर जिलाधिकारी ने संबंधित कंपनियों को तत्काल कार्ययोजना बनाकर इन क्षेत्रों में नेटवर्क उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि आगामी चुनावों और आपातकालीन परिस्थितियों को देखते हुए इन क्षेत्रों में संचार व्यवस्था मजबूत होना बेहद जरूरी है।
बैठक में जुगैल क्षेत्र की खराब नेटवर्क स्थिति भी प्रमुखता से उठाई गई। अधिकारियों ने बताया कि यहां मोबाइल नेटवर्क की गुणवत्ता सुधारने के लिए ऑप्टिकल फाइबर नेटवर्क का विस्तार आवश्यक है। इस पर जिलाधिकारी ने बीएसएनएल अधिकारियों को विस्तृत प्रस्ताव तैयार कर प्रस्तुत करने के निर्देश दिए और भरोसा दिलाया कि प्रशासन हर स्तर पर सहयोग प्रदान करेगा।
इसके अलावा कई ग्राम पंचायतों में नए मोबाइल टावर स्थापित करने के प्रस्ताव पर भी चर्चा हुई। जिलाधिकारी ने नेटवर्क विहीन क्षेत्रों का पुनः सर्वेक्षण कर प्राथमिकता के आधार पर टावर स्थापना की प्रक्रिया तेज करने को कहा। उन्होंने यह भी निर्देश दिए कि जिन ग्राम पंचायतों में भूमि चिन्हांकन अथवा अन्य औपचारिकताएं लंबित हैं, उन्हें निर्धारित समय सीमा में पूरा कराया जाए।
जिलाधिकारी ने कहा कि बेहतर संचार व्यवस्था से न केवल ग्रामीणों को डिजिटल सुविधाओं का लाभ मिलेगा, बल्कि आपदा, दुर्घटना और आपातकालीन स्थितियों में त्वरित सहायता पहुंचाना भी आसान होगा। उन्होंने सभी दूरसंचार कंपनियों और संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ तय समय में कार्य पूरा करने के निर्देश दिए।
बैठक में सहायक निर्वाचन अधिकारी जगरूप पटेल सहित निर्वाचन विभाग के अधिकारी एवं विभिन्न दूरसंचार कंपनियों के प्रतिनिधि मौजूद रहे।




