Sonbhadra News : चुर्क में बिजली विभाग की लापरवाही, कहीं झूल रहे 11 हजार वोल्ट का तार तो कहीं खंभे हो गए जर्जर
नगर पंचायत चुर्क-घुर्मा क्षेत्र में बिजली विभाग की लापरवाही से बड़ा हादसा होने की आशंका बनी हुई है। नगर के कई स्थानों पर बिजली के खंभे जर्जर अवस्था में हैं।

sonbhadra
4:02 PM, August 18, 2026
दिलीप श्रीवास्तव/प्रकाश खत्री (संवाददाता)
चुर्क (सोनभद्र) । नगर पंचायत चुर्क-घुर्मा क्षेत्र में बिजली विभाग की लापरवाही से बड़ा हादसा होने की आशंका बनी हुई है। नगर के कई स्थानों पर बिजली के खंभे जर्जर अवस्था में हैं, जबकि वार्ड नंबर-5 में 11 हजार वोल्ट का हाईटेंशन तार काफी नीचे तक झूल रहा है। स्थानीय लोगों के अनुसार वार्ड नंबर-3 स्थित रामलीला मैदान के पास दो लोहे के बिजली के खंभे पूरी तरह जर्जर हो चुके हैं, जो कभी भी जानलेवा हो सकता है। वहीं वार्ड नंबर-5 में ओपन जिम के पास 11 हजार वोल्ट का तार काफी नीचे लटक रहा है, जिससे राहगीरों और स्थानीय नागरिकों में भय बना हुआ है।
इन दिनों मामला इसलिए भी गंभीर है क्योंकि इसी मार्ग से विजयगढ़ दुर्ग से जल लेकर कांवरिया शिवद्वार जलाभिषेक करने के लिए जाते हैं। सावन के अंतिम सोमवार को वार्ड नंबर-5 स्थित शिव मंदिर में कांवरियों के लिए भंडारे का आयोजन भी किया जाता है। बताया गया कि ओपन जिम के पास कांवरिया अपना कांवड़ रखते हैं और उसी स्थान के ऊपर हाईटेंशन तार झूल रहा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि समय रहते तार और जर्जर खंभों को ठीक नहीं कराया गया तो कभी भी बड़ी दुर्घटना हो सकती है। नगरवासियों के मुताबिक समस्या को लेकर बिजली विभाग के अधिकारियों को कई बार मौखिक और लिखित रूप से सूचना दी जा चुकी है, लेकिन अभी तक समस्या का स्थायी समाधान नहीं हुआ । लोगों ने प्रशासन और बिजली विभाग से तत्काल निरीक्षण कर जर्जर खंभों को बदलने तथा झूलते हाईटेंशन तार को सुरक्षित ऊंचाई पर कराने की मांग की है।
इस संबंध में वार्ड नंबर-4 के सभासद हिमांशु उर्फ अंशु खत्री ने कहा कि बिजली विभाग की बड़ी लापरवाही सामने आई है। लोहे और सीमेंटेड पोल जर्जर, झुके और खतरनाक स्थिति में हैं। इसकी सूचना विभाग को कई बार दी जा चुकी है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द समस्या का समाधान नहीं कराया गया तो मामले की शिकायत उच्च अधिकारियों से की जाएगी।




