Sonbhadra News : चुनाव के पहले एनडीए द्वारा आमतौर पर मुख्यमंत्री चेहरे की घोषणा नहीं की जाती- अनुप्रिया पटेल
अनुप्रिया ने कहा कि मुख्यमंत्री कौन होगा इसका फैसला भाजपा नेतृत्व द्वारा लिया जाएगा । साथ ही कहा कि चुनाव के पहले एनडीए द्वारा आमतौर पर मुख्यमंत्री चेहरे की घोषणा नहीं की जाती है ।

sonbhadra
9:01 PM, September 13, 2026
- इशारों में बहुत कुछ कह गयी केंद्रीय मंत्री
- दिमागी नक्सल के सवाल से बचते दिखी केंद्रीय मंत्री
शांतनु कुमार
सोनभद्र । केवल पीडीए का नाम लेने से पिछड़ा, दलित और वंचित समाज का भला नहीं होगा ऐसा कहना था अपना दल ( एस ) की राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं केंद्रीय राज्य मंत्री अनुप्रिय पटेल का जो रविवार को स्थानीय एक होटल के हाल में आयोजित अपना दल ( एस ) के जिलास्तरीय कार्यकर्ता सम्मेलन को संबोधित कर रही थीं।
उन्होंने कहा कि अपना दल (एस) एनडीए के अन्य दलों के साथ मिलकर आगामी चुनाव में उतरेगा तथा एनडीए के प्रत्याशियों को जिताने के लिये हरसंभव कोशिश करेगा । उन्होंने कहा कि अपना दल गठबंधन में अधिक से अधिक सीटों पर चुनाव लड़ने का प्रयास करेगा यह भी कहा कि सीटों के बंटवारे पर अंतिम निर्णय एनडीए गठबंधन में आपसी समझौते के तहत होगा । अनुप्रिया ने कहा कि मुख्यमंत्री कौन होगा इसका फैसला भाजपा नेतृत्व द्वारा लिया जाएगा । साथ ही कहा कि चुनाव के पहले एनडीए द्वारा आमतौर पर मुख्यमंत्री चेहरे की घोषणा नहीं की जाती है । एक प्रश्न के उत्तर में उन्होंने कहाकि उनकी पार्टी ने जातिगत जनगणना का मुद्दा तब उठाया था जब सरकार द्वारा इसपर कोई निर्णय नहीं लिया गया था । अपना दल नेता ने कहा कि उनकी पार्टी ने नीट परीक्षा में ओबीसी वर्ग को आरक्षण दिलवाने तथा अन्य सामाजिक न्याय के मुद्दों पर काफ़ी काम किया है । राम मंदिर ट्रस्ट मामले में उन्होंने कहा कि मंदिर की व्यवस्थाओं को चुस्त दुरुस्त करने के लिए प्रशासनिक क्षमता वाले अनुभवी लोगों की जरूरत है । केंद्रीय मंत्री ने कहा कि अपना दल ने जनहित में जो कार्य किए हैं उन्हें लेकर आमजन तक जाएगा और भरपूर जान समर्थन प्राप्त करेगा । प्रधानमंत्री द्वारा कहे गए दिमागी नक्सल के सवाल पर बचती नजर आई और कहा कि उन्हें नहीं पता।




