Sonbhadra news : नगवां: यूपी बोर्ड के मेधावियों का भव्य सम्मान, ब्लॉक प्रमुख ने रचा नया इतिहास
विकास खंड नगवां के छात्र-छात्राओं ने अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया है। इस उपलब्धि पर ब्लॉक सभागार में पहली बार एक ऐतिहासिक 'प्रतिभा सम्मान समारोह' का आयोजन किया गया।

sonbhadra
4:26 PM, May 3, 2026
राजेश पटेल (संवाददाता)
वैनी, सोनभद्र। उत्तर प्रदेश बोर्ड परीक्षा-2026 के परिणामों में विकास खंड नगवां के छात्र-छात्राओं ने अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया है। इस उपलब्धि पर ब्लॉक सभागार में पहली बार एक ऐतिहासिक 'प्रतिभा सम्मान समारोह' का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में हाईस्कूल और इंटरमीडिएट की परीक्षा में अपने-अपने स्कूलों में प्रथम व द्वितीय स्थान प्राप्त करने वाले छात्र-छात्राओं के साथ-साथ उनके मार्गदर्शक प्रधानाचार्यों और प्रबंधकों को भी सम्मानित किया गया।
सम्मान से खिले मेधावियों के चेहरे
ब्लॉक प्रमुख आलोक सिंह की पहल पर आयोजित इस समारोह में ब्लॉक के विभिन्न माध्यमिक विद्यालयों के 50 से अधिक मेधावियों को मंच पर बुलाकर प्रशस्ति पत्र, अंगवस्त्र और स्मृति चिह्न प्रदान किए गए। सभागार 'बेटी पढ़ाओ-प्रतिभा बढ़ाओ' के नारों से गुंजायमान रहा।
शिक्षा से ही होगा ब्लॉक का सर्वांगीण विकास: आलोक सिंह
छात्रों को संबोधित करते हुए ब्लॉक प्रमुख आलोक सिंह ने कहा: "आज नगवां ब्लॉक में एक नई परंपरा की नींव रखी गई है। इन बच्चों की सफलता के पीछे उनके माता-पिता का त्याग और गुरुजनों की कड़ी तपस्या है। हमारा संकल्प है कि आने वाले वर्षों में नगवां का नाम प्रदेश की मेरिट सूची में चमके। शिक्षा के बिना किसी भी क्षेत्र का विकास संभव नहीं है।"
पूरे जिले के लिए प्रेरणा है यह पहल
सदर विधायक प्रतिनिधि विकास मिश्रा ने इस आयोजन की सराहना करते हुए कहा कि ग्रामीण क्षेत्र की प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करना सबसे सराहनीय कार्य है। उन्होंने कहा कि ब्लॉक प्रमुख द्वारा शुरू की गई यह पहल पूरे जिले के लिए एक नजीर बनेगी।




